{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Pundri Bhana Sports Nursery Updates: पूंडरी-नैना रोड पर तड़के हुई मुठभेड़, दोनों आरोपियों को नागरिक अस्पताल में कराया भर्ती

कैथल के पूंडरी-नैना रोड पर पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश टिंकू व अभिषेक पैर में गोली लगने से घायल हुए। वे बॉक्सिंग कोच पर हमले की फिराक में थे।
 

कैथल: खेल कोच पर रंजिशन जानलेवा हमला करने की योजना बना रहे दो बदमाशों को कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। रविवार अलसुबह पूंडरी-नैना रोड पर एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव करोड़ा निवासी टिंकू और अभिषेक के रूप में हुई है।

इस संबंध में DSP सुशील प्रकाश ने बताया कि शनिवार रात एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी ASI तरसेम कुमार की अगुवाई में ASI राममेहर, ASI अनिल कुमार, HC देवेंद्र व सिपाही सुखविंद्र की टीम पूंडरी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक बाइक पर पूंडरी क्षेत्र में किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पूंडरी-नैना रोड पर कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस टीम का आरोपियों से आमना-सामना हो गया और मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस टीम ने दोनों को काबू कर तुरंत उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया।

🥊 खेल कोच पर हमले की बना रखी थी योजना

DSP ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव भाना स्थित खेल नर्सरी में तैनात एक बॉक्सिंग कोच का कुछ दिन पहले गांव करोड़ा के व्यक्तियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने रविवार सुबह गांव भाना की खेल नर्सरी में पहुंचकर उक्त कोच पर जानलेवा हमला करने की योजना बनाई थी। कैथल पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित वारदात को टाल दिया गया।

📁 आपराधिक मामलों में पहले भी रहे हैं संलिप्त

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। आरोपी टिंकू के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित रोहतक, गुरुग्राम व कैथल आदि जिलों में करीब 7-8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि अभिषेक के खिलाफ भी करीब 3-4 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच और मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।