{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Police Holi Video: कैथल के पुंडरी थाने में पुलिसकर्मियों की 'कोड़ा मार' होली; भाभियों ने देवरों पर बरसाए कोड़े, वीडियो वायरल

कैथल के पुंडरी थाना परिसर से होली का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ड्यूटी के बीच पुलिसकर्मियों ने अपने परिवार के साथ पारंपरिक 'कोड़ा मार' होली मनाई, जहां महिलाओं ने पुलिसकर्मियों पर कोड़े बरसाए। जानें वायरल वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया।

 

कैथल : कैथल जिले के पुंडरी थाना परिसर से होली के मौके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस कर्मचारी अपने परिवार की महिलाओं के साथ पारंपरिक अंदाज में होली मनाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बुधवार का है, जब पूरे हरियाणा में होली का पर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

वायरल वीडियो में दो महिलाएं पुलिसकर्मियों को मजाकिया अंदाज में कोड़े मारती नजर आ रही हैं। वहीं थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी हंसी-मजाक के माहौल में इस रस्म का हिस्सा बनते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में थाना के मुंशी से लेकर कई जांच अधिकारी भी अपनी भाभियों से कोड़े खाते हुए नजर आते हैं। हरियाणा के कई इलाकों में होली के दौरान इस तरह की रस्में पारंपरिक तौर पर निभाई जाती हैं, जिन्हें आपसी स्नेह और हंसी-मजाक का प्रतीक माना जाता है।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने इसे हरियाणा की संस्कृति से जोड़ते हुए मजेदार कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा, “यो हरियाणा है प्रधान”, जबकि दूसरे ने मजाक में लिखा, “अगर वीडियो वायरल हो गई तो सस्पेंड हो जाओगे।” वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा, “असली आन मिलो सजना फ्रॉम हरियाणा।”

दरअसल त्योहारों के दौरान भी पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, ताकि आम लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें। ऐसे में ड्यूटी के बीच परिवार के साथ कुछ पल खुशियां बांटना उनके लिए भी खास मौका बन जाता है। पुंडरी थाना परिसर का यह वीडियो भी इसी पारिवारिक और खुशहाल माहौल की झलक पेश करता नजर आ रहा है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।