{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल: युवक पर जानलेवा हमले के बाद ग्रामीणों का DSP ऑफिस पर प्रदर्शन

करनाल के बीबीपुर जाटान में युवक पर हमले के विरोध में ग्रामीणों ने DSP ऑफिस घेरा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, पुलिस को दिया मंगलवार तक का अल्टीमेटम।

 

करनाल: करनाल के गांव बीबीपुर जाटान में युवक पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने इंद्री स्थित डीएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और मामले में कार्रवाई तेज करने की मांग उठाई.

25 जून को घर पर हुआ था हमला: ग्रामीणों के अनुसार 25 जून को दोपहर करीब एक बजे गांव निवासी राजू उर्फ राजकुमार के घर पर गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया. इस हमले में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को उपचार के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.

ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल: वहीं, भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजिंदर मान ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस वजह से गांव में लोगों में भारी रोष है और पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है."

गिरफ्तारी नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन: प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि, "यदि मंगलवार तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो इंद्री पुलिस के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा. इसके लिए पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी."

पुलिस का दावा, जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार: वहीं, थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि, "इस मामले में सात लोगों को नामजद किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा."