{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल: सरकारी स्कूल में महिला कोच से छेड़छाड़, 8 लोगों पर मामला दर्ज

करनाल के निसिंग स्थित सरकारी स्कूल में बास्केटबॉल कोच के साथ छेड़छाड़ और मारपीट। आरोपी सुरेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज। जानें पूरी घटना।

 

करनाल: निसिंग स्थित सरकारी स्कूल के ग्राऊंड में महिला बास्केटबाल कोच के साथ छेड़छाड़ की गई। यह घटना उस समय हुई जब कोच स्कूल में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रही थी। पीड़िता करनाल की रहने वाली है और निसिंग थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में बास्केटबाल कोच के पद पर कार्यरत है।

 उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 जून की शाम करीब 6.40 बजे वह स्कूल में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दे रही थी। इसी दौरान मंजूरा गांववासी आरोपी सुरेंद्र अपने कुछ साथियों के साथ स्कूल परिसर में घुस आया और लड़कियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने महिला कोच के चरित्र पर भी टिप्पणी की, उसके कंधों को गलत तरीके से छुआ व चेहरे पर कई थप्पड़ मारे।

जब छात्राएं उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पिछले करीब एक महीने से ट्रेनिंग लेने आने वाली खिलाड़ियों को परेशान कर रहे थे और उन्हें गलत तरीके से टोकते थे। इस बारे में उन्होंने गांव के सरपंच को भी जानकारी दी थी। इस संबंध में निसिंग थाना अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि महिला कोच की शिकायत के आधार पर आरोपी सहित 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।