{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल: आयकर विभाग का प्यून रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB का बड़ा ट्रैप

करनाल में एंटी करप्शन ब्यूरो ने आयकर विभाग के प्यून को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते दबोचा। काम करवाने के नाम पर मांगी थी 15 हजार की रिश्वत। पढ़ें पूरी खबर।

 

करनाल: करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग के एक प्यून को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी एक व्यक्ति से उसका काम करवाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था. शिकायत मिलते ही ACB ने पूरी योजना के तहत ट्रैप बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.

15 हजार की मांग, 10 हजार लेते ही गिरफ्तारी : जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन के रूप में हुई है, जो आयकर विभाग में प्यून के पद पर कार्यरत है. आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता से किसी काम के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी. शिकायतकर्ता पहले ही 5 हजार रुपये दे चुका था, जबकि बाकी 10 हजार रुपये देने थे. इसी दौरान पीड़ित ने एसीबी से संपर्क कर पूरी शिकायत दर्ज कराई.

योजना बनाकर बिछाया गया ट्रैप : शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने विशेष रणनीति तैयार की. शिकायतकर्ता को रासायनिक पाउडर लगे नोट देकर आरोपी के पास भेजा गया. जैसे ही नवीन ने 10 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. मौके पर ही नोटों की जांच की गई और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई.

जांच का दायरा बढ़ा :फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रिश्वत आखिर किस काम के लिए मांगी गई थी और क्या इस पूरे मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल है. एसीबी पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को खंगाल रही है ताकि भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. मामले में एसीबी इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि, "विभाग को शिकायत मिली थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए ट्रैप लगाया गया. आरोपी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी."