{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जींद हादसा: खाटू श्याम जा रहे करनाल के 3 श्रद्धालुओं की मौत, नेत्रदान किया

जींद के NH-152D पर भीषण सड़क हादसा: खाटू श्याम जा रहे करनाल के 3 लोगों की मौत, 2 घायल। मृतकों के परिजनों ने नेत्रदान कर पेश की मानवता की अनूठी मिसाल।

 

करनाल: खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन करने निकले करनाल के पांच लोग हादसे का शिकार हो गए. जींद जिले के जुलाना में नेशनल हाईवे-152डी पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना भयावह था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं.

जींद में सड़क हादसा, तीन की मौत: जानकारी के अनुसार करनाल से निकले पांच श्रद्धालु ग्रैंड विटारा कार में सवार होकर खाटू श्याम धाम जा रहे थे. रास्ते में अचानक आवारा पशु कार के सामने आ गया. चालक ने वाहन को बचाने के लिए ब्रेक लगाए, जिससे कार रुक गई और तकनीकी रूप से बंद हो गई. इसके बाद कुछ लोग नीचे उतरकर वाहन की जांच करने लगे, जबकि दो महिलाएं सड़क किनारे खड़ी हो गईं. इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर कार से टकरा गया और पलटते हुए लगभग 20 फीट नीचे जा गिरा. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़: इस हादसे में करनाल के सेक्टर-8 निवासी धर्मपाल वासन, उनके समधी राजकुमार तुली और साली स्वीटी की मौत हो गई. मृतकों के बच्चे विदेशों में रहते हैं. हादसे की सूचना उन्हें दे दी गई है और उनके भारत पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.

जिंदगी की जंग लड़ रहीं दो महिलाएं: हादसे में घायल दो महिलाएं गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं. चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. परिजनों की निगाहें अब उनकी सलामती पर टिकी हुई हैं. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखा गया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा.

मानवता की अनूठी मिसाल: इस हृदयविदारक घटना के बीच तीनों परिवारों ने ऐसा निर्णय लिया. जिसने हर किसी को भावुक कर दिया. समाजसेवी राजकुमार के अनुसार मृतकों के परिजनों ने दरियादिली दिखाते हुए तीनों श्रद्धालुओं के नेत्रदान का फैसला लिया है. अपनों को खोने के असहनीय दर्द के बावजूद लिया गया ये निर्णय कई लोगों के जीवन में रोशनी बनकर पहुंचेगा.