{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल: नियमों का पालन कराने वाला टो-व्हीकल खुद पकड़ाया, ₹11 हजार का चालान

करनाल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का टो-व्हीकल बिना RC और वैध दस्तावेजों के चल रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने 11 हजार का चालान काटकर वाहन को किया जब्त।

 

करनाल: अवैध तरीके से खड़ी गाड़ियों को उठाने वाले टो-व्हीकल पर करनाल पुलिस ने शिकंजा कसा है. जो टो-व्हीकल रोजाना नियमों का उल्लंघन करने वालों वाहनों पर कार्रवाई करता था. वो खुद ही नियमों की धज्जियां उड़ाता मिला. दरअसल करनाल स्मार्ट सिटी का टो-व्हीकल बिना लाइसेंस, बिना आरसी और एक्सपायर दस्तावेजों के साथ सड़कों पर दौड़ता मिला. पुलिस ने ₹11 हजार का चालान काटकर वाहन जब्त कर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया.

करनाल में टो-व्हीकल का चालान: करनाल में इन दिनों ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है. कुछ दिन पहले मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल का 51,500 रुपये का चालान चर्चा में रहा था और अब कार्रवाई की जद में वो टो-व्हीकल आ गया, जो स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शहर में अवैध रूप से खड़े वाहनों को उठाने का काम करता था. इस बार कानून का पालन करवाने वाला वाहन खुद नियमों का उल्लंघन करता हुआ पकड़ा गया.

दस्तावेज मांगे तो खुल गई पोल: चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने जब टो-व्हीकल को रोका और उसके दस्तावेज मांगे, तो एक के बाद एक कई गंभीर खामियां सामने आईं. वाहन चालक के पास ना ड्राइविंग लाइसेंस था, ना वाहन की आरसी. इसके अलावा वाहन की वैध अवधि भी समाप्त हो चुकी थी. इतना ही नहीं, वाहन पर नंबर प्लेट भी सही तरीके से नहीं लगी थी और चालक ने निर्धारित वर्दी भी नहीं पहन रखी थी. पुलिस के सवालों का जवाब देने के बजाय चालक मौके से फरार हो गया.

टो-वाहन जब्त, ₹11 हजार का चालान: दस्तावेजों में भारी अनियमितता मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टो-व्हीकल को जब्त कर लिया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 11 हजार रुपये का चालान किया. ये कार्रवाई इसलिए भी चर्चा का विषय बन गई, क्योंकि जिस वाहन की जिम्मेदारी ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने की थी, वही खुद नियमों की अनदेखी करता मिला.

ट्रैफिक पुलिस का साफ संदेश: ट्रैफिक पुलिस अधिकारी वेदपाल ने कहा कि "दस्तावेजों की जांच में वाहन के पास ना लाइसेंस मिला, ना आरसी, ना वैध फिटनेस और ना ही चालक निर्धारित वर्दी में था. इन सभी उल्लंघनों के आधार पर चालान कर वाहन को जब्त कर लिया गया. नियम सभी के लिए समान हैं. चाहे आम नागरिक हो या किसी सरकारी परियोजना से जुड़ा वाहन, कानून का पालन हर किसी को करना होगा."

ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील: ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों के सभी दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें और नंबर प्लेट के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ ना करें. कई लोग ऑनलाइन चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर टेप या अन्य तरीके अपनाते हैं, जो कानूनन अपराध है. ट्रैफिक नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सभी की सुरक्षा और शहर की सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक है.