करनाल: श्रीराम एग्रो फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका
करनाल के मेरठ रोड स्थित श्रीराम एग्रो फैक्ट्री में लगी भीषण आग। केमिकल होने के कारण विकराल हुआ हादसा। दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर, करोड़ों के नुकसान की आशंका।
करनालः जिले के मेरठ रोड स्थित श्रीराम एग्रो फैक्ट्री में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग की लपटों ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी विकराल थी कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा. फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई. सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
बड़ा हादसा टला, केमिकल ड्रम निकाले गए बाहर: फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई. आग लगते ही कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए केमिकल से भरे ड्रमों को तेजी से बाहर निकालना शुरू कर दिया. समय रहते यह कदम उठाए जाने से संभावित विस्फोट और बड़े हादसे को टाल दिया गया. सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ रोड के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया गया, जबकि आसपास स्थित पेट्रोल पंपों को भी एहतियातन खाली कराया गया.
कारणों की जांच, करोड़ों के नुकसान की आशंका: श्रीराम एग्रो फैक्ट्री भाजपा नेता एवं व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सतीश गुप्ता की बताई जा रही है. आग किन कारणों से लगी, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस आग से लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही संभव हो सकेगा.
फैक्ट्री मालिक ने क्या कहा: फैक्ट्री मालिक भाजपा नेता सतीश गुप्ता ने बताया कि "सुबह करीब 9 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है." उन्होंने कहा कि "फैक्ट्री में केमिकल होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काफी नियंत्रित कर लिया है."
दमकल पहुंचने में देरी का आरोप: वहीं फैक्ट्री कर्मचारी अजय ने दावा किया कि "आग लगने के लगभग एक घंटे बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. तब तक आग काफी नुकसान पहुंचा चुकी थी. वास्तविक नुकसान का पता आग पूरी तरह बुझने के बाद ही चल सकेगा, लेकिन फैक्ट्री को भारी क्षति पहुंची है."
5 से 6 दमकर गाड़ियां मौके पर तैनातः पुलिस जांच अधिकारी तरसेम ने कहा कि "मौके पर 5 से 6 गाड़ियां आज को बुझाने में लगी हुई है किन कारणों से आग लगी है उसका पता लगाया जा रहा है.