{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल: पश्चिमी यमुना नहर से लैब टेक्नीशियन छात्रा का शव बरामद

करनाल में पश्चिमी यमुना नहर से 21 वर्षीय मीनाक्षी का शव मिला। मृतका लैब टेक्नीशियन की कर रही थी ट्रेनिंग, परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका।

 

करनाल: करनाल में पश्चिमी यमुना नहर से एक युवती का शव मिला है. दरअसल, रविवार को नहर में अर्धनग्न अवस्था में एक युवती का शव तैरता हुआ दिखाई दिया था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पहचान के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया. सोमवार को शव की पहचान 21 वर्षीय मीनाक्षी के रूप में हुई, जो करनाल के गांव झींझड़ी की रहने वाली थी. मीनाक्षी लैब टेक्नीशियन का कोर्स कर रही थी और सरकारी अस्पताल में ट्रेनिंग ले रही थी.

घर से निकली लेकिन वापस नहीं लौटी: मृतका के परिजन ने बताया कि, "12 जुलाई को मीनाक्षी की बड़ी बहन की शादी हुई थी और वह इन दिनों मायके आई हुई थी. रविवार को रिश्तेदारों के घर आने का कार्यक्रम था. इसी सिलसिले में मीनाक्षी अपनी बहन के कपड़े लेने के लिए स्कूटी पर घर से निकली थी. उसने उस समय शर्ट पहन रखी थी और सीएचडी सिटी की ओर गई थी, लेकिन देर शाम तक भी वापस नहीं लौटी. काफी तलाश के बाद हमने ने सदर थाना पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई."

अगले दिन नहर में मिला शव: मृतका के एक अन्य परिजन ने कहा कि, "अगले ही दिन पश्चिमी यमुना नहर में मीनाक्षी का शव मिला. जब शव बरामद हुआ तो उसके शरीर पर शर्ट नहीं थी और उसकी स्कूटी भी अब तक नहीं मिली है. मीनाक्षी के साथ कोई अनहोनी हुई है. हम चाहते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो."

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस: इस पूरे मामले में रामनगर थाना के जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने कहा कि, "रविवार को पश्चिमी यमुना नहर में एक अज्ञात युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला था. शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोर्चरी में रखा गया. सोमवार को पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. युवती की स्कूटी की तलाश की जा रही है और मौत के कारणों सहित हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है."