{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Rural Cleanliness Drive: एडीसी के मार्गदर्शन में खरक कलां बनी मिसाल, घर-घर से उठाया जाएगा गीला-सूखा कचरा

खरक कलां में महाग्राम योजना के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुरू। रक्षाबंधन से पहले मिली महिलाओं को राहत।
 

खरक। महाग्राम योजना के तहत डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन और एडीसी दीपक बाबूलाल करवा के नेतृत्व में ग्राम पंचायत खरक कलां में शनिवार से घर-घर कचरा संग्रहण एवं निस्तारण का कार्य शुरू किया गया। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान की देखरेख में ग्राम पंचायत के सरपंच राजकुमार ने हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की।

ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए गांव में मुनादी भी कराई गई। एडीसी ने बताया कि जिले की 36 महाग्राम और 7500 से अधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण व उचित निस्तारण शुरू करने के लिए बैठक कर आह्वान किया गया था। इसी कड़ी में खरक कलां ने पहल की है। ग्रामीणों को गीला, सूखा और अन्य कचरा अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरपंच राजकुमार ने बताया कि फिलहाल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से कचरा संग्रहण शुरू किया गया है। जरूरत के अनुसार व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। घर-घर कचरा उठने से तालाबों में कचरा जाने और उनमें मिट्टी भरने की समस्या पर भी रोक लगेगी।

रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को दिया तोहफा
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि ग्राम पंचायत ने रक्षाबंधन से पहले माताओं, बहनों और बेटियों को घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा का तोहफा दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले महिलाओं को कचरा डालने के लिए दूर जाना पड़ता था। अब घर के सामने ट्रैक्टर आने से उन्हें कचरा बाहर ले जाने की जरूरत नहीं होगी। ग्राम पंचायत ने इस पहल के लिए एडीसी का आभार जताया। इस अवसर पर समाजसेवी राजबीर प्रधान, पंच विनोद, सुरेंद्र सिंह, रवि, तेजपाल, पप्पल सिंह, राजेंद्र और कृष्ण भाटी मौजूद रहे।