{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Fake Mounjaro Injections News 2026: कुमारी सैलजा ने खिलाड़ियों के हक व नकली इंजेक्शन मामले पर हरियाणा सरकार को घेरा: CM सैनी से की तत्काल भुगतान की मांग

कुमारी सैलजा ने खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि, भत्ता व किट में देरी और गुरुग्राम में नकली इंजेक्शन के नमूने फेल होने पर हरियाणा सरकार को घेरा।
 

चंडीगढ़: हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, यात्रा भत्ता और खेल किट उपलब्ध कराने में हो रही देरी पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के सम्मान में बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती है लेकिन उन्हें समय पर पूरा नहीं करती। केवल घोषणाओं से खिलाड़ियों का सम्मान नहीं होता, बल्कि उन्हें उनका हक समय पर देना जरूरी है।

🏅 रोहतक प्रतियोगिता के 72 पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि व 840 खिलाड़ियों का भत्ता लंबित

कुमारी सैलजा ने कहा कि रोहतक में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय स्कूली योग एवं हॉकी प्रतियोगिताओं के डेढ़ माह बाद भी 72 पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि नहीं मिली है। करीब 840 खिलाड़ियों का यात्रा एवं दैनिक भत्ता लंबित है, जबकि 620 खिलाड़ी अभी तक खेल किट का इंतजार कर रहे हैं। प्रतियोगिता से पहले मिलने वाली किट के लिए अब टेंडर प्रक्रिया अपनाया जाना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

🏟️ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से तत्काल भुगतान व खेल सुविधाओं की समीक्षा की मांग

उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी सीमित संसाधनों और अभिभावकों की मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। कई गांवों में ग्रामीण और पंचायतें भी खिलाड़ियों की तैयारी में सहयोग करती हैं, लेकिन सरकार घोषित पुरस्कार राशि तक समय पर नहीं दे पा रही।

सांसद ने कहा कि प्रदेश के खेल मैदानों और स्टेडियमों में गुणवत्तापूर्ण उपकरणों, प्रशिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लंबित पुरस्कार राशि और भत्तों का तत्काल भुगतान करने, खिलाड़ियों को खेल किट उपलब्ध कराने तथा खेल सुविधाओं की समीक्षा करने की मांग की।

💉 गुरुग्राम में जब्त 70 लाख के नकली माउंजारो इंजेक्शन के सभी 6 सैंपल फेल होने पर जताई चिंता

कुमारी सैलजा ने गुरुग्राम में जब्त करीब 70 लाख रुपये के कथित नकली माउंजारो इंजेक्शनों के सभी 6 नमूने जांच में विफल पाए जाने पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निर्धारित 10 मिलीग्राम के मुकाबले अधिकतम 1.6 मिलीग्राम औषधि मिलना बेहद गंभीर मामला है।

दवाओं की गुणवत्ता से समझौता जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। सरकार को प्रदेशभर में दवाओं की नियमित जांच करवाकर नकली दवाओं के नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।