कुरुक्षेत्र: आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्रों ने की भाई-बहन की बेरहमी से पिटाई
कुरुक्षेत्र के आयुर्वेदिक अस्पताल में मेडिकल छात्रों द्वारा भाई-बहन और सुरक्षाकर्मियों पर हमले से भारी बवाल। ओपीडी सेवा ठप, आरोपियों पर कार्रवाई की मांग।
कुरुक्षेत्रः धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के एक आयुर्वेदिक कॉलेज और अस्पताल परिसर में उस समय भारी बवाल मच गया, जब वहां मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों ने इलाज कराने आए एक भाई-बहन की बेरहमी से पिटाई कर दी. इतना ही नहीं, जब अस्पताल के सुरक्षाकर्मी पीड़ितों को बचाने आए, तो छात्रों ने उन पर भी ताबड़तोड़ लात-घूंसे बरसा दिए. इस हिंसक घटना से गुस्साए अस्पताल के कर्मचारियों ने ओपीडी सहित तमाम रूटीन कामकाज बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. हालांकि, मरीजों की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं जारी रखी गई हैं.
मामूली विवाद के बाद बुलाई भीड़ः पीड़ित भाई-बहन परवीन और अनीता ने बताया कि वे अस्पताल में दवाई लेने के लिए आ रहे थे. इसी दौरान कॉलेज की दो छात्राओं की गाड़ी ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी. मौके पर छात्राओं ने अपनी गलती मानते हुए 'सॉरी' बोल दिया, जिसके बाद मामला वहीं खत्म हो गया था. लेकिन कुछ ही देर बाद, मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब कॉलेज के करीब दो दर्जन छात्र लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए. छात्रों ने बिना कुछ सुने प्रवीण और अनीता पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया. महिला की गले की चैन भी तोड़ी.
बीच-बचाव करने आए गार्ड्स को भी नहीं बख्शाः अस्पताल परिसर में हंगामा बढ़ता देख जब वहां तैनात तीन सिक्योरिटी गार्ड मरीजों को बचाने के लिए बीच में आए, तो उपद्रवी छात्रों ने उन पर भी हमला बोल दिया. छात्रों ने तीनों गार्ड्स को पीटा और मौके से फरार हो गए. हालांकि इस घटने के बाद पीड़ितों का कहना है कि वे अक्सर यहां दवाई लेने आते हैं, लेकिन इस घटना के बाद वे बेहद डरे हुए हैं. उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
अस्पताल स्टाफ में भारी रोषः इस घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने सुरक्षा को लेकर मोर्चा खोल दिया है. अस्पताल के कर्मचारी मोहित ने छात्रों की इस हरकत पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि "छात्रों द्वारा मरीजों और डॉक्टरों की सुरक्षा में लगे गार्ड्स पर हाथ उठाना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ये लोग यहां डॉक्टर बनने के लिए नहीं, बल्कि हुड़दंग मचाने के लिए आए हैं. हमारी मांग है कि मारपीट में शामिल सभी छात्रों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाए.
कॉलेज प्रबंधन मामले को शांत कराने में जुटाः कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण अस्पताल का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे दूर-दराज से आए मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, कॉलेज प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी स्टाफ को समझाने और मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं. कर्मचारी और पीड़ित परिवार अब पुलिस कार्रवाई और निलंबन की मांग पर अड़े हुए हैं.