{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Subhash Sudha on Ashok Arora: पूर्व मंत्री सुभाष सुधा बोले- अहंकार के कारण अलग दशहरा मना रहे हैं विधायक अशोक अरोड़ा

कुरुक्षेत्र में दशहरा महोत्सव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में ठनी। विधायक अशोक अरोड़ा और सुभाष सुधा आमने-सामने।
 

कुरुक्षेत्र : दशहरा महोत्सव को लेकर इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच ठन गई है. कांग्रेस से विधायक अशोक अरोड़ा इस बार अलग से दशहरा महोत्सव मनाने का ऐलान कर चुके हैं, वहीं बीजेपी पुरानी कमेटी के साथ दशहरा बना रही है जिसको लेकर आज भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई, जिसमें दशहरा धूमधाम से मनाने का ऐलान किया गया.

"कांग्रेस विधायक अलग से मनाना चाहते हैं दशहरा" : इस दौरान पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि कांग्रेस विधायक शहर की जनता को बांटने का काम कर रहे हैं. पिछले लंबे समय से कुरुक्षेत्र में सभी मिलजुल कर दशहरा मनाते आए हैं, लेकिन इस बार कांग्रेस विधायक ने अलग से दशहरा मनाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि उनकी तरफ से भरपूर प्रयास किया गया कि पूरा शहर एकजुट होकर एक ही जगह पर दशहरा महोत्सव मनाएं, लेकिन अशोक अरोड़ा इस बात को मानने के लिए राजी ही नहीं है.

"अहंकार बोलने लगा है" : उन्होंने कहा कि मैं भी 10 साल तक थानेसर से विधायक रहा हूं , तब भी अशोक अरोड़ा और हम एक ही जगह पर दशहरा मनाते थे, लेकिन अब विधायक बन चुके हैं तो उनका अहंकार बोलने लगा है और यही कारण है कि वे अलग से दशहरा मनाने की जिद पर अड़े हैं. उन्होंने कहा कि मैं मंच से उनसे प्रार्थना भी करता हूं और साथ में निमंत्रण भी देता हूं कि वह एक मंच पर आकर दशहरा मनाएं.

जनता असमंजस में : आपको बता दें कि कुरुक्षेत्र के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि दशहरे के अवसर पर यहां कार्यक्रम दो जगह पर आयोजित होने जा रहा है. दोनों राजनेताओं के आपसी मतभेद के चलते कुरुक्षेत्र की जनता अब असमंजस में है कि कौन से दशहरे में शामिल हो.