कुरुक्षेत्र: भद्रकाली मंदिर रोड पर बाइक सवार दो युवकों पर अंधाधुंध फायरिंग
कुरुक्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते अमन और कृष पर 18-20 राउंड फायरिंग। गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर। नाले में स्कोर्पियो छोड़ भागे बदमाश, जांच जारी।
कुरुक्षेत्र: रात करीब एक बजे 2 युवकों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्राथमिक उपचार देकर उनको पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया. स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंचकर तथ्य जुटा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है.
कुरुक्षेत्र में दो युवकों पर फायरिंग: मिली जानकारी के अनुसार अमन और कृष दोनों कुरुक्षेत्र झांसा रोड पर भद्रकाली मंदिर की तरफ से बाइक पर जनता स्कूल की तरफ आ रहे थे तभी वहां पर एक काली स्कॉर्पियो आई. उसमें से 5 से 6 युवक उतरे. उन्होंने अमन और कृष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. कुछ लोगों के हाथ में गंडासी जैसे हथियार थे और उन्होंने भी हमला किया. इस ताबड़तोड़ फायरिंग में अमन को दो गोली एक कमर में रीड की हड्डी के पास और एक टांग में गोली लगी है. वहीं दूसरे युवक कृष के पेट में एक गोली लगी है.
रंजिश को लेकर जानलेवा हमला: मौके पर मौजूद कार्तिक ने बताया कि ये फायरिंग राहुल बारना के द्वारा की गई है. जब ये फायरिंग की गई वो मौके पर ही मौजूद थे. करीब 18 से 20 राउंड फायर किए गए हैं और दूसरे लोगों के हाथ में गंडासी जैसे हथियार भी थे. उनसे भी उन्होंने वार किया है. कार्तिक ने बताया कि वो स्कॉर्पियो में आए थे और गाड़ी काफी तेज थी. इसलिए वो अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी. वो स्कॉर्पियो गाड़ी को नाले में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए थे. वही अमन के चचेरे भाई आकाश ने बताया कि पहले भी उनकी लड़ाई हुई थी. जिसके चलते राहुल बारना ने उनको दो दिन पहले फोन पर देख लेने की धमकी दी थी और उसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया है.
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी: डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि "पुलिस को सुबह 3 बजे सूचना मिली थी कि जनता स्कूल के पास फायरिंग हुई है. इसमें दो लोगों को गोलियां लगी हैं. उनकी पहचान हो गई है. वहीं जिन लोगों ने गोली चलाई है. उन लोगों के साथ उनकी पुरानी रंजिश है. जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है. आरोपियों की गाड़ी नाले में गिर गई थी. जिसको छोड़कर वो मौके से फरार हो गए. गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है. मौके से गोली के 5 खोल, गंडासी और लाठी मिली है. फिलहाल पुलिस के मामले की जांच कर रही है."