कुरुक्षेत्र: जमीन हड़पने का बड़ा खेल! फर्जी इंतकाल से 3 मरले जमीन कब्जाने पर FIR
कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में रजिस्ट्री और इंतकाल में हेरफेर कर जमीन हड़पने का मामला। आरोपी पिता-पुत्र ने फर्जी दस्तावेजों से बेची जमीन। पुलिस ने दर्ज किया केस।
कुरुक्षेत्र : जिले में जमीन हड़पने के एक मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस्माइलाबाद क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन कब्जाने की साजिश का खुलासा हुआ है। आरोप है कि आरोपियों ने मिलीभगत कर पहले रजिस्ट्री में कम जमीन दिखाकर बाद में सरकारी रिकॉर्ड में ज्यादा दर्ज करवा ली और फिर उसे आगे बेच दिया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, उनकी मां स्वर्ण लता ने वर्ष 1991 में करीब 2 मरले 5 सरसाही जमीन की रजिस्ट्री करवाई थी, जबकि शर्त यह थी कि बची हुई जमीन उनके पास ही रहेगी। लेकिन आरोप है कि रजिस्ट्री के बाद ही आरोपी अशोक कुमार मेहता ने धोखाधड़ी शुरू कर दी।
इंतकाल में किया खेल
बताया जा रहा है कि तहसील में इंतकाल दर्ज करवाते समय जानबूझकर जमीन को 3 मरले दिखा दिया गया, जबकि असल में जमीन इससे कम थी। हालांकि बाद में अधिकारियों ने इस इंतकाल को खारिज भी कर दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने फर्जी तरीके से जमाबंदी में 3 मरले दर्ज करवा लिए।
बेटे के नाम ट्रांसफर कर आगे बेची जमीन
मामले में आगे खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने बेटे करण मेहता के नाम ब्लड रिलेशन के आधार पर ट्रांसफर डीड करवाई और उसी आधार पर जमीन तीसरे व्यक्ति को बेच दी। इस तरह बची हुई जमीन को भी हड़पने की कोशिश की गई।पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।