Kurukshetra Jail: बंबीहा गैंग के गुर्गों ने जेल में बनाया वीडियो, इंस्टाग्राम पर किया वायरल
कुरुक्षेत्र जेल में सुरक्षा की पोल खुली! बंबीहा गैंग के अपराधी दिलबर ने जेल के अंदर से बनाया 56 सेकंड का वीडियो। अंबाला पुलिस की जांच के बाद कुरुक्षेत्र में केस दर्ज।
कुरुक्षेत्र : हरियाणा की जिला जेल कुरुक्षेत्र का अंदरूनी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर कैदियों ने वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। इस पूरे मामले का खुलासा अंबाला पुलिस की जांच रिपोर्ट से हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल फोटो और वीडियो जिला जेल कुरुक्षेत्र के अंदर बनाए गए थे, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। यह वीडियो 30 दिसंबर 2024 को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। बताया जा रहा है कि बंबीहा गैंग से जुड़े अपराधी दिलबर निवासी बलदेव नगर अंबाला ने पहले इन्हें अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर डाला था। दिलबर के खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। बाद में उसके साथी अंकित ढांडा ने भी यही वीडियो अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर शेयर किया।
युवाओं को अपराध की ओर उकसाने की कोशिश
पुलिस के अनुसार आरोपी दिलबर ने जेल के अंदर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। साथ ही गैंग से जुड़ने के लिए भी उकसाया गया। इस मामले में अंबाला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और 24 नवंबर 2025 को आरोपी दिलबर को गिरफ्तार कर लिया था।
जांच में सामने आई कुरुक्षेत्र जेल की सच्चाई
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम पर अपलोड फोटो-वीडियो और जेल रिकॉर्ड की पड़ताल की। जांच में साफ हुआ कि ये वीडियो केंद्रीय जेल अंबाला के नहीं बल्कि जिला जेल कुरुक्षेत्र के हैं। रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी दिलबर 25 जुलाई 2023 से 5 सितंबर 2024 तक जिला जेल कुरुक्षेत्र में बंद रहा था।
वीडियो में 7-8 कैदी दिख रहे
वीडियो करीब 56 सेकेंड का बताया जा रहा है। इसमें जेल के अंदर की एक बैरक दिखाई दे रही है, जहां 7-8 कैदी बैठे हुए नजर आ रहे हैं। उनके सामने एक प्लास्टिक की बाल्टी पर जग और हुक्का जैसी चीज रखी दिखाई दे रही है, जिसकी पाइप से एक कैदी धुआं खींचता नजर आता है।
अंबाला पुलिस ने रिपोर्ट भेजी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दिलबर के साथ उसके साथी अंकित ढांडा ने भी अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर जेल की फोटो और वीडियो अपलोड किए थे। वीडियो में अंकित खुद भी दिखाई दे रहा है। अंबाला पुलिस ने अपनी जांच पूरी करने के बाद 15 फरवरी को केस कैंसिल कर रिपोर्ट कुरुक्षेत्र पुलिस को भेज दी। इसके बाद थाना सिटी थानेसर में दिलबर और अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना सिटी थानेसर के एसएचओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुरुआत में केस अंबाला पुलिस ने दर्ज किया था। जांच के दौरान पता चला कि वीडियो जिला जेल कुरुक्षेत्र का है। अब कुरुक्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।