Kurukshetra Firing: लाडवा में कॉलेज चेयरमैन के घर पर 18 राउंड फायरिंग, बदमाशों ने मचाया तांडव
कुरुक्षेत्र के लाडवा में HGPI चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर नकाबपोश बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग। 18 राउंड गोलियों से दहला इलाका, रंगदारी का शक। पुलिस जांच जारी।
कुरुक्षेत्र : जिले के लाडवा क्षेत्र में शनिवार देर रात दो नकाबपोश बदमाशों ने एक कॉलेज चेयरमैन के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे घर की दीवारों और खिड़कियों पर गोलियों के निशान बन गए और शीशे चकनाचूर हो गए। घटना के समय घर पर परिवार मौजूद नहीं था, केवल एक नौकर अंदर सो रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, लाडवा की अग्रवाल कॉलोनी में देवी मंदिर के सामने स्थित घर में रात करीब 12 बजे बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि यह घर हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस (HGPI) के चेयरमैन रजनीश बंसल का है।
घटना के समय घर में केवल नौकर ओमप्रकाश मौजूद था। फायरिंग की आवाज सुनकर वह डर के कारण बाहर नहीं निकला। फायरिंग में घर के शीशे टूट गए और कई गोलियां दीवारों में धंस गईं।
पड़ोसी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे घर पहुंचे थे। करीब 15-20 मिनट बाद तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो उनके घर के आंगन में भी गोलियों के कई खोल पड़े हुए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीएसपी निर्मल सिंह, एसएचओ गुरनाम सिंह और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोल बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
एसएचओ गुरनाम सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला रंगदारी से जुड़ा हुआ लग रहा है। रजनीश बंसल को पहले भी कई बार रंगदारी के लिए धमकी भरे फोन आ चुके हैं, जिसके चलते उन्हें पंचकूला-चंडीगढ़ में सुरक्षा भी दी गई हुई है। हालांकि लाडवा स्थित घर पर सुरक्षा नहीं थी।
बताया जा रहा है कि रजनीश बंसल का हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के काला-अंब में हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस नाम से कॉलेज है, जहां इंजीनियरिंग, नर्सिंग, फार्मेसी और लॉ के कोर्स संचालित किए जाते हैं। फिलहाल पुलिस परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।