Kurukshetra Fraud: माइनिंग में पार्टनर बनाने के नाम पर ₹40 लाख की ठगी, FIR दर्ज
कुरुक्षेत्र के लाडवा में युवक से माइनिंग प्रोजेक्ट में पार्टनरशिप के नाम पर 40 लाख रुपये की ठगी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मामला। जानें पूरी घटना।
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में माइनिंग प्रोजेक्ट में पार्टनर बनाने का झांसा देकर युवक से 40 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर लाडवा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मोहित सिंह निवासी के अनुसार चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती पंचकूला के संयम मित्तल से हुई थी। संयम मित्तल उसके दोस्त सचिन नेहरा की फर्म यमुनानगर में पार्टनर था। इसी दौरान संयम मित्तल के देहरादून स्थित परिवार से भी उसकी पहचान हो गई थी। आरोप है कि संयम के रिश्तेदार विकास, प्रदीप, परिश, सनी, पुलकित और मनोज गुप्ता ने उसे बताया कि वे देहरादून में स्टोन क्रेशर का काम करते हैं और वहां माइनिंग की नई बिडिंग शुरू हुई है। उन्होंने युवक को माइनिंग साइट दिखाने और बिड की सरकारी नोटिफिकेशन दिखाकर भरोसा दिलाया कि यदि वह निवेश करेगा तो उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा।
आरोपियों ने उसे फर्म में पार्टनर बनाने के लिए 40 लाख रुपए के शेयर डालने की सलाह दी। पहले युवक ने एक सप्ताह का समय मांगा, लेकिन आरोपियों ने बार-बार फोन कर दबाव बनाया कि बिडिंग का समय कम है और जल्द निवेश करना होगा, वरना मौका हाथ से निकल जाएगा। आरोप है कि युवक ने भरोसा करके 40 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से विकास की फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने जनवरी 2021 से काम शुरू होने और हर सप्ताह प्रॉफिट देने का वादा किया था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। जब युवक ने पैसे के बारे में पूछा तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। मार्च 2021 में जब वह देहरादून गया तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने 12 अक्टूबर 2021 को कुरुक्षेत्र के एसपी को शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 18 दिसंबर 2025 को कोर्ट में शिकायत दायर की। कोर्ट के आदेश पर अब लाडवा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।