{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कुरुक्षेत्र: शाहाबाद में माइनिंग ठेकेदार को मारी गोली; हालत गंभीर, जांच शुरू

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में अज्ञात हमलावरों ने माइनिंग ठेकेदार सुनील भाटिया पर की फायरिंग। गंभीर हालत में आदेश मेडिकल कॉलेज रेफर। पुलिस आपसी रंजिश के एंगल से कर रही जांच।

 

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में रविवार रात माइनिंग कारोबार से जुड़े एक ठेकेदार को गोली मार दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल ठेकेदार को पहले शाहाबाद के सरकारी अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे आदेश मेडिकल रेफर कर दिया।

घायल की पहचान सुनील भाटिया उर्फ बंटी के रूप में हुई है। सुनील भाटिया शाहाबाद के गांव तंगौर का रहने वाला है और फिलहाल रोड शाहाबाद में रह रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। नाकाबंदी करवाकर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।

रात सवा नौ बजे की घटना

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब सवा 9 बजे सुनील भाटिया जलेबी पुल के पास मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।

अभी स्थिति साफ नहीं

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किसने और क्यों किया। हालांकि शुरुआती तौर पर इस वारदात को माइनिंग कारोबार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस पुराने विवादों और कारोबारी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच भी टकराव की आशंका है।