{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Nayab Singh Saini Updates: कब्र से शव निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग, गृह मंत्री व सीएम से हस्तक्षेप की अपील

कुरुक्षेत्र के सिख युवक सुखदेव सिंह की पुणे में संदिग्ध मौत व बिना सहमति शव दफनाने पर विवाद। HSGMC ने दोबारा पोस्टमार्टम व उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
 

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। यहां रोजगार की तलाश में घर से हजारों किलोमीटर दूर पुणे गए कुरुक्षेत्र के एक सिख युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिवार का आरोप है कि युवक की हत्या की गई, लेकिन मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश हुई। इतना ही नहीं, परिवार को विश्वास में लिए बिना युवक के शव को दफनाए जाने का भी आरोप है।

🏛️ HSGMC ने की उच्चस्तरीय हस्तक्षेप की मांग

अब इस मामले में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। HSGMC कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक से हस्तक्षेप की मांग करने का ऐलान किया है।

📋 क्या है पूरा मामला

मामला कुरुक्षेत्र के रहने वाले सुखदेव सिंह उर्फ सुखा का है, जो रोजगार के सिलसिले में पुणे में रह रहा था। कमेटी के प्रतिनिधियों के अनुसार, 11 तारीख को युवक के साथ घटना हुई और 14 तारीख को उसके शव को दफना दिया गया।

परिवार का आरोप है कि उन्हें समय पर मौत की सूचना तक नहीं दी गई। कभी युवक के बीमार होने की बात कही गई तो कभी हादसे का हवाला दिया गया। परिवार को पूरे मामले में साजिश की आशंका है। इस मामले में सबसे बड़ा विवाद युवक के अंतिम संस्कार को लेकर खड़ा हो गया है।

🙏 धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

HSGMC कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि परिवार की जानकारी और सहमति के बिना शव को दफनाया गया, जिससे सिख धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

⚖️ दोबारा पोस्टमार्टम व पार्थिव शरीर लाने की मांग

कमेटी ने मांग की है कि शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम करवाया जाए, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। इसके बाद पार्थिव शरीर को कुरुक्षेत्र लाकर परिवार को सौंपा जाए, जिससे परिजन अपनी धार्मिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार कर सकें।

कमेटी ने साफ कर दिया है कि इस मामले को लेकर अब चुप नहीं बैठा जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और संबंधित एजेंसियों को भी पूरे मामले से अवगत करवाया जाएगा।

कमेटी पुणे प्रशासन और महाराष्ट्र सरकार से भी संपर्क कर निष्पक्ष जांच करवाने तथा कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।