{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Kurukshetra Accident: कुरुक्षेत्र में पेड़ से टकराया ट्रक, केबिन में फंसे ड्राइवर की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; डीजल टैंक फटने से लगी आग

कुरुक्षेत्र के बहलोलपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक नासिर मोहम्मद की जिंदा जलकर मौत हो गई। पेड़ से टकराने के बाद ट्रक के डीजल टैंक में आग लग गई और चालक केबिन में ही फंस गया। फायर ब्रिगेड और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

 

कुरुक्षेत्र  : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बहलोलपुर गांव के पास बीती रात दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद डीजल टैंक लीक होने से ट्रक में आग लग गई। हादसे के समय चालक केबिन में फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

मृतक की पहचान शाहाबाद के हबाना गांव निवासी 57 वर्षीय नासिर मोहम्मद के रूप में हुई है। नासिर ट्रक चालक था और यमुनानगर के जठलाना स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत था। नासिर शनिवार रात अपने घर से ट्रक लेकर ट्रांसपोर्ट पर जा रहा था।

साथी राजेश के साथ निकला था

जानकारी के मुताबिक नासिर अपने साथी राजेश कुमार के साथ शाहाबाद से निकला था। दोनों अपने-अपने ट्रक लेकर यमुनानगर की ओर जा रहे थे। रास्ते में नासिर एक ढाबे पर खाना खाने के लिए रुक गया। उसने राजेश को भी रुकने के लिए कहा, लेकिन राजेश अपना ट्रक लेकर आगे निकल गया। खाना खाने के बाद नासिर भी ट्रक लेकर आगे बढ़ा। जैसे ही वह बहलोलपुर गांव के पास पहुंचा तो उसका ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर लगते ही ट्रक का डीजल टैंक लीक हो गया और लाइट के स्पार्क से डीजल ने तुरंत आग पकड़ ली।

केबिन में फंस गया चालक

आग तेजी से भड़कने लगी और ट्रक का केबिन बुरी तरह जलने लगा। टक्कर के कारण ट्रक की सीट आगे खिसक गई और केबिन पिचक गया, जिससे नासिर सीट और स्टेयरिंग के बीच फंस गया। बाहर निकलने का मौका नहीं मिलने के कारण वह केबिन के अंदर ही जिंदा जल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू

सड़क पर ट्रक में आग लगी देख आसपास के लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद लाडवा से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 15–20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने दो हाइड्रा मशीनें बुलाकर ट्रक के केबिन को तोड़ा और चालक के शव को बाहर निकाला। ट्रक के पीछे लिखे नंबर के आधार पर ट्रांसपोर्ट कंपनी को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद नासिर का परिवार और उसका साथी राजेश मौके पर पहुंच गए। थाना बाबैन पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई दर्ज की है।