कुरुक्षेत्र: रंजिश में युवक को मारी गोली, हालत नाजुक, पीजीआई रेफर
कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में काम से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला। पुरानी रंजिश के चलते पीठ में मारी गोली, हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर। पुलिस जांच जारी।
कुरुक्षेत्र: इस्माइलाबाद क्षेत्र में बुधवार शाम को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर सरेराह फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पिहोवा से काम कर घर लौट रहे युवक को पीठ में गोली मारी गई, जो रीढ़ की हड्डी तक जा धंसी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
काम से घर लौटते वक्त हुआ हमला: जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान गांव खेड़ी शहीदां निवासी गुलशन कुमार के रूप में हुई है. गुलशन मिट्टी का डंपर चलाने का काम करता है. बुधवार शाम करीब छह बजे जब वह पिहोवा से अपना काम खत्म करके वापस अपने घर लौट रहा था, तभी इस्माइलाबाद क्षेत्र में घात लगाए बैठे हमलावर ने उस पर गोलियां बरसा दीं. गोली गुलशन की कमर में लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया.
अक्टूबर में हुआ था विवाद: वारदात की वजह पुरानी आपसी रंजिश बताई जा रही है. घायल युवक के पिता पाला राम ने बताया कि "पिछले साल अक्टूबर माह में दोनों पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी. उस समय मामला पुलिस तक पहुंचा था और दोनों पक्षों के बीच लिखित में समझौता भी हो गया था. समझौते के बावजूद दूसरा पक्ष शांत नहीं बैठा और लगातार उन्हें जान-माल का नुकसान पहुंचाने की धमकियां दे रहा था. इसी रंजिश को पालते हुए उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया." परिजनों ने फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी की पहचान गांव ठसका मिरांजी निवासी मनजिंदर के रूप में की है, जो फिलहाल इस्माइलाबाद में ही रह रहा था.
हालत बेहद नाजुक, PGI चंडीगढ़ रेफर: घायल गुलशन को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया गया. मामले की जानकारी देते हुए डॉक्टर अमित अरोड़ा ने बताया "जब घायल युवक को इलाज के लिए लाया गया, तो गोली लगने के कारण अत्यधिक खून बह जाने से उसकी हालत बेहद नाजुक थी. गोली कमर से होते हुए रीढ़ की हड्डी तक जा पहुंची थी. उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है."
पुलिस की कार्रवाई: वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस में हड़कंप मच गया. पुलिस बल के साथ-साथ एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की टीमों ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और वहां से साक्ष्य जुटाए. मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पिहोवा रणधीर सिंह ने बताया कि "पुलिस को युवक पर फायरिंग होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई अमल में लाई गई है. शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है. परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी शुरू कर दी है. आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा."