Loharu Development: लोहारू में ₹1.42 करोड़ से बदलेंगे शहर के हालात, शुरू होंगे विकास कार्य
लोहारू नगर पालिका ₹1.42 करोड़ की लागत से कराएगी विकास कार्य। मास्टिक रोड, जलनिकासी लाइन और दिव्यांगों के लिए विशेष पार्क सुविधाओं का ब्लूप्रिंट तैयार। टेंडर प्रक्रिया पूरी।
लोहारू। शहर के समग्र विकास को गति देने के लिए नगर पालिका द्वारा 1 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। सभी कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही इन्हें धरातल पर शुरू किया जाएगा।
नगर पालिका प्रधान प्रदीप बंटी तायल ने बताया कि शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजनाएं तैयार की गई हैं। प्रमुख कार्यों में रामलीला ग्राउंड से माता चौक तक मास्टिक रोड का निर्माण शामिल है जिस पर 46 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे इस मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और धूल व गड्ढों की समस्या से राहत मिलेगी।
इसके अलावा बरसाती पानी की निकासी के लिए मस्जिद के पास से माता चौक होते हुए राजेराम सैनी के घर तक जलनिकासी लाइन बिछाई जाएगी जिस पर लगभग 23 लाख रुपये की लागत आएगी। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।
नगर पालिका द्वारा श्रवण जयंती पार्क में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस कार्य पर करीब 16 लाख रुपये खर्च होंगे जिसमें शेड, झूले, शौचालय और व्यायाम के लिए अलग स्थान तैयार किया जाएगा ताकि दिव्यांगजन भी पार्क का सुविधाजनक उपयोग कर सकें।
शहर के नालों की सफाई के लिए जारी किया टेंडर
नगर पालिका द्वारा वाल्मीकि चौक से सती माता मंदिर मोड़ तक सीसी रोड का अधूरा निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा जिस पर लगभग 13 लाख 90 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही आगामी बरसात को देखते हुए शहर के नालों की सफाई के लिए करीब 3 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है ताकि जलभराव और गंदगी की समस्या से समय रहते निपटा जा सके। वहीं पूरे शहर की गलियों और सड़कों की मरम्मत के लिए करीब 25 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा फायर स्टेशन के पास सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा जिस पर लगभग 15 लाख रुपये खर्च होंगे।
कस्बे में 1.42 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य करवाए जाएंगे। सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास रहेगा। हमारा लक्ष्य है कि शहरवासियों को बेहतर सड़कें, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए। आने वाले समय में लोहारू शहर को एक व्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।