Loharu Police Action: हरियाणा के 39 स्कूलों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, रोहतक के 2 गुर्गे काबू
लोहारू पुलिस ने स्कूलों से कंप्यूटर और लैपटॉप चोरी करने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को पकड़ा। आरोपियों ने भिवानी, रोहतक और झज्जर सहित 39 स्कूलों में चोरी की बात कबूली।
लोहारू। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देश के तहत डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने स्कूलों में चोरी करने वाले गिरोह के दो गुर्गे रवि निवासी जिंदराण और शेर सिंह निवासी नोनोनद जिला रोहतक को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी लोहारू संजीव गौड़ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने रात के समय स्कूलों में घुसकर ताले तोड़ते और कंप्यूटर, प्रिंटर, लैपटॉप व अन्य कीमती सामान चोरी करते थे। इनके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न जिलों में संगठित तरीके से स्कूलों को निशाना बनाते थे। उन्होंने भिवानी में 11, रोहतक में 24, झज्जर में 2, सोनीपत में 1 और हांसी में 1 स्कूल में चोरी की थी। जांच में सामने आया कि शेर सिंह के खिलाफ पहले से 10 चोरी के मामले दर्ज हैं जो उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।
पुलिस ने आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया है। डीएसपी ने बताया कि चोरी किए सामान की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।