महेंद्रगढ़: कनीना-करीरा रोड पर भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, साथी गंभीर
महेंद्रगढ़ में कनीना-करीरा रोड पर अज्ञात वैगनआर कार ने बाइक को मारी टक्कर। हादसे में मनीष यादव की मौत, हर्ष गंभीर घायल। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी।
महेंद्रगढ़ : हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक मनीष रात को अपने साथी हर्ष के साथ किसी काम से कनीना गया हुआ था। वहां कनीना-करीरा रोड पर गांव करीरा के पास उनकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया है। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मनीष ने दम तोड़ दिया था। सफेद रंग की वैगनआर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। वहीं हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को पकड़ने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।