{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Manesar News Today: "न भ्रष्टाचार करूंगी, न करने दूंगी"— मानेसर मेयर ने सीनियर डिप्टी मेयर पर लगाए विकास में बाधा डालने के आरोप

मानेसर नगर निगम सदन में हंगामे के बाद मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीनियर डिप्टी मेयर पर निशाना साधा और आरोपों को खारिज किया।

 

गुरुग्राम: मानेसर नगर निगम की सदन बैठक में हुए हंगामे के बाद मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव ने प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बैठक के दौरान लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि, "कुछ लोग जानबूझकर सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं. हमारा उद्देश्य केवल विकास कार्यों को आगे बढ़ाना है."

सीनियर डिप्टी मेयर पर निशाना: मेयर ने सीनियर डिप्टी मेयर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, "सीनियर डिप्टी मेयर का मकसद सदन नहीं चलने देना है. वे नहीं चाहते कि नगर निगम में विकास कार्य आगे बढ़ें और जनता के हित से जुड़े फैसले लिए जाएं. राजनीतिक कारणों से सदन की कार्यवाही बाधित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है."

महिला पार्षद से अभद्रता का आरोप: प्रेस वार्ता के दौरान मेयर ने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान एक महिला पार्षद के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. उन्होंने कहा कि, "सदन में महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं है. मामला गंभीर है. जिम्मेदार लोगों से मेरी अपील है कि वो मर्यादा बनाए रखें."

बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी के आरोपों पर सफाई: सदन में बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी को लेकर लगाए गए आरोपों पर मेयर ने स्पष्ट कहा कि, "बैठक में कोई बाहरी व्यक्ति मौजूद नहीं था. सदन में केवल निगम के अधिकारी, पार्षद और अधिकृत लोग ही शामिल थे. इसलिए लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं."

एजेंडे में सभी वार्डों के विकास कार्य शामिल: भेदभाव के आरोपों का जवाब देते हुए मेयर ने कहा कि, "बैठक के एजेंडे में सभी पार्षदों के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए गए थे. अकेले सीनियर डिप्टी मेयर के वार्ड से जुड़े करीब 20 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी एजेंडे का हिस्सा थे. ऐसे में भेदभाव का आरोप पूरी तरह गलत है."

"ना भ्रष्टाचार करूंगी, ना भ्रष्टाचार करने दूंगी": मेयर ने कहा कि, उनकी प्राथमिकता पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ विकास कार्य कराना है. ना भ्रष्टाचार करूंगी, ना भ्रष्टाचार करने दूंगी. कुछ लोग सदन की कार्यवाही बाधित कर जनता के विकास कार्यों में रुकावट पैदा कर रहे हैं, जिससे आम लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं." वहीं, इस दौरान पार्षद प्रवेश यादव ने भी सदन में हुए घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अपना पक्ष रखा और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी बात मीडिया के सामने रखी.