{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मानेसर: टॉप 100 डिफाल्टरों की प्रॉपर्टी होगी सील, निगम आयुक्त के निर्देश

नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने शीर्ष 100 प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों पर सख्त कार्रवाई और कमर्शियल गतिविधियों वाले पीजी-होटलों से कमर्शियल टैक्स वसूलने के दिए निर्देश।

 

गुड़गांव : नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने निगम अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि निगम क्षेत्र की टाॅप 100 प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों से प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली करें। टैक्स जमा न करने पर सभी प्राॅपटियों पर सीलिंग की कार्रवाई की जानी सुनिश्चित करें।

आयुक्त प्रदीप सिंह टैक्स ब्रांच को निर्देश देते हुए यह भी कहा कि अगले 15 दिनों में निगम क्षेत्र का सर्वे करें। जिन रिहायशी इमारतों में पीजी, गेस्ट हाउस, होटल, हाॅस्टल या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां हो रही है। इन इमारतों से रिहायशी इमारत का टैक्स न लेकर व्यावसायिक भवन के हिसाब से टैक्स की वसूली की जाए। टैक्स न भरने की सूरत में सबसे पहले इन्हीं इमारतों को सील किया जाएगा। इसके अलावा आयुक्त ने यह आमजन से अपील करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र के निवासी अपना प्रॉपर्टी टैक्स समय पर जमा करें। प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की आय का मुख्य स्त्रोत है। टैक्स की राशि मिलने पर नगर निगम क्षेत्र में और भी अधिक विकास के कार्य करवाएगा।

आयुक्त ने हाॅर्टिकल्चर ब्रांच को निर्देश देते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में जिन जोहड़ों के जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है, इसमें तेजी लाएं। इसके अलावा अन्य ऐसी जगहों को चिन्हित करें, जहां पर प्राकृतिक ढलान है। ऐसी जगहों पर जोहड़ बनाकर उसमें जल का संचयन किया जाना उचित होगा। वर्षा जल संचयन से भूमिगत जल स्तर में सुधार होगा, तभी मानेसर इलाके में जल की आपूर्ति संभव होगी। इसके अलावा उन्होंने रेन वाटर हारर्वेस्टिंग पिट की संख्या बढ़ाई जाए। बैठक में संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, एक्सईएन निजेश, सुशील ठाकरान, एसडीओ अनिल मलिक, सीपीओ महेंद्र कुमार, टैक्स सहायक उदय सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।