Manisha Murder Case: मनीषा को न्याय दिलाने के लिए ढाणी लक्ष्मण में आज कन्नी के 8 गांवों की महापंचायत, आंदोलन की नई रणनीति होगी तैयार
मनीषा मौत मामले में न्याय की मांग को लेकर हरियाणा के ढाणी लक्ष्मण में महापंचायत आयोजित होगी। सीबीआई जांच की समय सीमा खत्म होने के बाद भी खुलासा न होने पर कन्नी के 8 गांवों में भारी रोष। जानें आंदोलन की आगामी रूपरेखा और संघर्ष समिति का अगला कदम।
मनीषा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर रविवार को ढाणी लक्ष्मण के मुख्य बस स्टैंड के पास कन्नी के आठ गांवों की महापंचायत आयोजित की जाएगी।
समिति ने शनिवार को आखिरी दिन कन्नी के आठ गांवों में गाड़ियों और बाइकों पर लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार-प्रसार किया। लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में पहुंचने की अपील की गई। समिति पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। पंचायत में इस बात पर विचार किया जाएगा कि आगामी दिनों में आंदोलन की दिशा क्या रहेगी।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी, लेकिन जांच की निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद भी मनीषा की मौत के मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इसी को लेकर आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे हरियाणा में लोगों में भारी रोष व्याप्त है।