Masoom Sharma New Song Jaat Yodha: करनाल में सम्मानित हुए मासूम शर्मा, पाखंड और फर्जी बाबाओं पर साधा तीखा निशाना
करनालः हरियाणा के करनाल में आर्य समाज के सम्मेलन में पिस्तौल टांगकर पहुंचे मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को आर्य सभा केंद्र में सम्मानित किया गया. मंच से पाखंड के खिलाफ उन्होंने दो टूक कहा. बोले "मिलकर भारत से पाखंड को खत्म करने की जरूरत है." उन्होंने युवाओं से भी इस मुहिम से जुड़ने की अपील.
'पाखंड के नाम पर भोले-भाले लोगों को बनाया जा रहा निशाना': करनाल पहुंचे हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने पाखंड और तथाकथित बाबाओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि "आर्य समाज पाखंड के खिलाफ लगातार समाज को जागरूक करता आया है और अब पाखंड के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने की जरूरत है. मासूम शर्मा ने आरोप लगाया कि "नए-नए डेरे और धार्मिक ठिकाने बनाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और कुछ लोग खुद को भगवान के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहे हैं. भोले-भाले लोगों को ऐसे पाखंड से बचाने के लिए समाज को जागरूक होना होगा.
पाखंड के खिलाफ युवाओं को एकजुट होने की अपीलः मासूम शर्मा ने युवाओं से खास तौर पर इस मुहिम से जुड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि "देश के नौजवान अगर एकजुट होकर आवाज उठाएं तो समाज में फैले अंधविश्वास और पाखंड के खिलाफ बड़ा बदलाव लाया जा सकता है." उन्होंने कहा कि "आर्य समाज की भूमिका हमेशा समाज को जगाने और लोगों को सत्य के प्रति जागरूक करने की रही है. ऐसे में आज भी युवाओं को इसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है."
'अगर पूजना है तो देश के असली योद्धाओं को पूजो': आर्य समाज के सम्मेलन में मासूम शर्मा ने अपने नए गाने ‘जाट योद्धा’ का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि "गाना लॉन्च किया जा चुका है और अगले दो-तीन दिनों में इसे यूट्यूब पर भी रिलीज किया जाएगा. मासूम शर्मा के मुताबिक, यह गाना भी पाखंड के खिलाफ संदेश देता है. गाने में देश और समाज के लिए संघर्ष करने वाले योद्धाओं का जिक्र किया गया है. उन्होंने कहा कि अगर किसी को अपना आदर्श बनाना है तो उन योद्धाओं को बनाना चाहिए, जिन्होंने समाज और देश के लिए अपना योगदान दिया.
'पाखंडियों का प्रचार नहीं, सच की आवाज बनें मीडिया कर्मी': मासूम शर्मा ने मीडिया कर्मियों से भी अपील की कि पाखंड फैलाने वाले लोगों की अनावश्यक प्रसिद्धि से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि मीडिया समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए खबरों और प्रचार के माध्यम से समाज में सत्य और जागरूकता को बढ़ावा मिलना चाहिए. उन्होंने कहा भीड़ किसी के साथ हो सकती है, लेकिन हर भीड़ सच्चाई का आईना नहीं होती. सच क्या है, इसका पता समाज को होता है और जरूरत है कि सभी मिलकर सच का साथ दें.
सरकार और वोट बैंक पर भी उठाए सवालः पाखंडी बाबाओं पर कार्रवाई के सवाल पर मासूम शर्मा ने कहा कि कई बाबाओं के साथ सरकारों का वोट बैंक भी जुड़ा होता है. उनके अनुसार इसी वजह से ऐसे लोगों पर कार्रवाई को लेकर कई बार नरमी देखने को मिलती है. उन्होंने कहा कि अगर समाज जागरूक होगा तो पाखंड के खिलाफ आवाज और मजबूत होगी.
राजनीति में आने के सवाल पर मासूम शर्मा का साफ जवाब: हरियाणवी सिंगर अमित रोहतकिया के राजनीति में आने की चर्चाओं के बीच जब मासूम शर्मा से पूछा गया कि क्या वह भी राजनीति में कदम रखेंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि "उनका राजनीति की तरफ कोई रुझान नहीं है." उन्होंने कहा कि परमात्मा की कृपा से उनका काम अच्छा चल रहा है और समाज की सेवा राजनीति में आकर भी की जा सकती है और राजनीति से बाहर रहकर भी. मासूम शर्मा ने कहा कि राजनीति में आने के बाद कई बार व्यक्ति अपने विचारों को समाज के सामने उस तरह नहीं रख पाता, जिस तरह वह रखना चाहता है. इसलिए फिलहाल उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है.
आर्य सभा केंद्र में हुआ सम्मान: करनाल पहुंचे मासूम शर्मा के साथ उनकी टीम भी मौजूद रही. आर्य सभा केंद्र में उनका सम्मान किया गया. इस दौरान पाखंड के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को इस मुहिम से जोड़ने पर जोर दिया गया.