{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मासूम शर्मा की सुरक्षा पर विवाद: पुलिस बल के रील बनाने पर उठे सवाल

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की सुरक्षा को लेकर विवाद। पुलिसकर्मियों के साथ रील बनाने पर उठे सवाल, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा ने दी नसीहत। पढ़ें पूरी खबर।

 

जींद : हरियाणा पुलिस के नारे "सेवा, सुरक्षा, सहयोग" को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को मिली पुलिस सुरक्षा के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि मासूम शर्मा और उनकी टीम सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ इंस्टाग्राम पर बदमाशी वाले गानों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।

इस मुद्दे को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा के सामने उठाया। पत्रकार ने सवाल किया कि एक ओर अदालत के आदेशों के बाद अवैध कब्जे हटाने जैसी कार्रवाई के दौरान कई बार ड्यूटी मजिस्ट्रेट को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध नहीं हो पाती, जबकि दूसरी ओर धमकी मिलने के आधार पर कलाकारों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है और उसका उपयोग सोशल मीडिया रील बनाने में किया जा रहा है।

पत्रकार ने यह भी सवाल उठाया कि जब प्रशासन के पास ड्यूटी मजिस्ट्रेट के लिए पर्याप्त पुलिस बल नहीं होता, तब कलाकारों को दी गई सुरक्षा का इस प्रकार इस्तेमाल क्या उचित है? इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा ने कहा कि मासूम शर्मा को धमकी मिलने के कारण सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा का उद्देश्य केवल उनकी जान-माल की रक्षा करना है।

डॉ. मिड्डा ने मासूम शर्मा से अपील करते हुए कहा कि "सुरक्षा का इस्तेमाल सोशल मीडिया रील बनाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। यह सुरक्षा उनकी सुरक्षा के लिए दी गई है, इसका सम्मान होना चाहिए।"अब यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों के बीच यह बहस तेज हो गई है कि सार्वजनिक संसाधनों और पुलिस सुरक्षा का उपयोग केवल सुरक्षा उद्देश्यों तक सीमित रहना चाहिए या उसका इस प्रकार प्रचार-प्रसार और रील बनाने में इस्तेमाल उचित है।