{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Manesar Municipal Corporation Budget 2026-27: नगर निगम मानेसर का 678 करोड़ का बजट पास; विकास कार्यों पर खर्च होंगे 480 करोड़, लगेगा 'वेस्ट टू एनर्जी' प्लांट

नगर निगम मानेसर ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 678 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से मंजूर किया है। मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में 480 करोड़ रुपये विकास कार्यों और 90 करोड़ नए कार्यालय निर्माण के लिए आवंटित किए गए। जानें बजट की मुख्य बातें।

 

गुड़गांव : नगर निगम मानेसर के सदन की विशेष बैठक सोमवार को आईएमटी सेक्टर-8 स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने की। बैठक में वित्त वर्ष 2026-2027 के बजट पर विस्तृत चर्चा की गई। सदन ने सर्वसम्मति से बजट को मंजूर किया।

निगम सचिव एवं उप-निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी ने बजट को सदन के पटल पर रखते हुए बताया कि वित्त वर्ष में नगर निगम मानेसर द्वारा 678 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसी प्रकार करीब 482 करोड़ रुपये की वार्षिक आय की जाएगी। बजट के बारे में विस्तार से बताते हुए चीफ अकाउंट्स ऑफिसर संजय कुमार ने सदन को बताया कि निगम वित्त वर्ष में स्टाॅप ड्यूटी व सेस से अनुमानित 200 करोड़ रुपये अर्जित करेगा। इसके अलावा सेल, आॅक्शन से 50 करोड़, रेंट,लीज से करीब ढाई करोड़ रुपये, सरकारी ग्रांट से 86 करोड़ रुपये व फीस के तौर पर करीब 16 करोड़ रुपये और प्राॅपर्टी टैक्स के रुप में 75 करोड़ 50 लाख रुपये की आय करेगा।


इसी प्रकार स्टाफ की सैलरी व अन्य पर करीब 35 करोड़ रुपये, 17 करोड़ रुपये से प्रशासनिक खर्च, सफाई और वेस्ट मैनेजमेंट पर करीब 86 करोड़ रुपये, आॅपरेशन एवं मेंटेनेंस पर करीब 47 करोड़ रुपये, निगम क्षेत्र में विकास कार्यों पर करीब 480 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। वार्षिक बजट को सदन ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। बजट प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। बजट पर पूरे सदन की सहमति मिलने पर मेयर डाॅ इंद्रजीत कौर यादव ने सदन का धन्यवाद किया। इस दौरान पार्षदों से सुझाव भी लिए गए।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने सदन में मौजूद सभी सदस्यों से बजट को लेकर सुझाव मांगे। इस पर पार्षदों ने अपने सुझाव दिए। सुझावों को सुनते हुए आयुक्त ने कहा कि सभी वार्डों में पारदर्शी तरीके से विकास के काम होंगे। आयुक्त ने सदन को बताया कि निगम क्षेत्र में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट स्थापित करने की योजना है। इस प्लांट के लगने के बाद निगम क्षेत्र में कूड़े से संबंधित समस्या से निजात मिलेगी। इसी के साथ इस प्लांट से बिजली पैदा की जाएगी। सदन ने सफाई कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने के लिए आयुक्त से आग्रह किया। इस पर आयुक्त ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस विषय पर आग्रह करेंगे। इसके अलावा आयुक्त ने सदन को बताया कि नगर निगम कार्यालय के लिए एचएसआईआईडीसी ने निगम को जमीन देने के लिए हामी भर दी है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएगी। बजट में निगम कार्यालय के निर्मण के लिए भी 90 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।


बैठक में संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, पार्षद जुममिंद्र, रूची कौशिक, रिपू शर्मा, दिनेश यादव, बालकिशन, कंवरपाल, भूपेंद्र, ज्योति वर्मा, राम प्रकाश, मनोज कुमार, रविंद्र, संगीता यादव, पिंकी, दयाराम, सुमन कुमारी, प्रवेश यादव, रवि कुमार, प्रताप सिंह, नामित पार्षद सत्यदेव शर्मा, किरोड़ी तंवर, शेर सिंह  चौहान  , नगर निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा, एक्सईएन मंदीप धनखड़, निजेश कुमार, वासु, सुशील ठाकरान,  सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।