{"vars":{"id": "123258:4912"}}

नूंह: अभय चौटाला ने किया नीट अभ्यर्थियों का समर्थन, सम्मान समारोह का जायजा

नूंह पहुंचे इनेलो अध्यक्ष अभय चौटाला ने नीट अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का किया समर्थन। देवीलाल सम्मान समारोह की तैयारियों का लिया जायजा, 27 सितंबर को होगा आयोजन।

 

नूंह: इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला सोमवार को नूंह पहुंचे. उन्होंने जिला कार्यालय और अनाज मंडी में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 27 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर आयोजित होने वाले सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान इनेलो के जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन एडवोकेट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे. चौटाला ने कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

नीट अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरे अभय चौटाला: इस दौरान मीडिया से बातचीत में अभय सिंह चौटाला ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे नीट अभ्यर्थियों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि, "छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. वे नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए."

"यह राजनीति नहीं, युवाओं के भविष्य का सवाल": अभय चौटाला ने आगे कहा कि, "यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है. सभी राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए. परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है. लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं."

"जब तक न्याय नहीं, तब तक समर्थन जारी": चौटाला ने कहा कि, "जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक समाज और राजनीतिक दलों को उनके साथ खड़ा रहना चाहिए. युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए."

27 सितंबर को होगा सम्मान समारोह: सम्मान समारोह को लेकर अभय चौटाला ने बताया कि, "चौधरी देवीलाल का जन्मदिवस और इनेलो का स्थापना दिवस हर वर्ष मनाया जाता है. इस बार कार्यक्रम 25 सितंबर के बजाय 27 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, क्योंकि मेवात क्षेत्र में शुक्रवार का विशेष धार्मिक महत्व है. स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तिथि तय की गई है. कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए संगठन के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी.

"मेवात से मिलेगा बड़ा जनसमर्थन": अभय चौटाला ने विश्वास जताया कि नूंह में आयोजित होने वाला सम्मान समारोह ऐतिहासिक होगा. उन्होंने कहा कि, "मेवात के लोगों का चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के प्रति हमेशा विशेष सम्मान और विश्वास रहा है. दोनों नेताओं ने क्षेत्र के विकास और लोगों के हित में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं."