Three Killed Two Injured Jaipur Residents News 2026: नूंह एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: कार पुलिया से टकराई, तीन की मौत व दो घायल
नूंह: दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने के कारण कार बेकाबू हुई। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग जयपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
🚗 पुलिया से टकराते ही कार के उड़े परखच्चे
स्थानीय निवासी उमर मोहम्मद ने बताया कि, "हादसा एक्सप्रेसवे पर साईमीरवास के पास चैनल नंबर 77.05 के नजदीक हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक असंतुलित होकर पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया।"
🚑 मौके पर पहुंचे राहगीर, रेस्क्यू में जुटी टीम
हादसे के बाद रात में गुजर रहे वाहन चालक और स्थानीय लोग मदद के लिए रुक गए। पुलिस और रोड सेफ्टी एजेंसी को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को मांडीखेड़ा स्थित मां अल-आफिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
🩺 दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
इस पूरे मामले में अल आफिया माड़ीखेड़ा अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. गोविन्द ने कहा कि, "हादसे में मेहताब सिंह पुत्र महेंद्र सिंह निवासी जयपुर और जसलीन कौर पत्नी वीरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उपचार के दौरान इनमें से एक घायल ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई, जबकि दो घायलों का इलाज जारी है। तीसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।"
🏥 अस्पताल में पोस्टमार्टम व जांच जारी
मृतकों के शव मांडीखेड़ा अस्पताल में रखवाए गए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम और परिजनों से संपर्क समेत जरूरी कार्रवाई कर रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है।