नूंह: आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस-ग्रामीणों में झड़प, भारी तनाव
नूंह के खरकड़ी गांव में वांछित आरोपी जुनैद को पकड़ने गई सोहना सीआईए टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव। आरोपी घायल, पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप। जानें पूरा मामला।
नूंह: खरकड़ी गांव में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब एक वांछित आरोपी की तलाश में पहुंची सोहना सीआईए टीम और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया. घटना के दौरान आरोपी जुनैद उर्फ जुन्ना घायल हो गया, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है. पुलिस के मुताबिक पुलिस टीम पर हमला कर आरोपी को छुड़ाया गया है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच सभी पहलुओं से किए जाने की बात कही है.
अपराधी को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर हमला! जानकारी के अनुसार सोहना सीआईए की टीम किसी आपराधिक मामले में वांछित बताए जा रहे गांव खरखड़ी निवासी जुनैद उर्फ जुन्ना की तलाश में उसके घर पहुंची थी. पुलिस को उसके घर पर होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई शुरू की. ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने मकान को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान जुनैद ने भागने का प्रयास किया.
पुलिस की टीम पर फायरिंग का आरोप: ग्रामीणों और आरोपी के परिजनों का आरोप है कि पुलिस टीम ने जुनैद पर फायरिंग की, जिससे वो घायल हो गया. उनका कहना है कि घायल होने के बाद वो मकान से नीचे गिरा और पास से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई. पुलिस के अनुसार फायरिंग की बात सामने नहीं आई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
ग्रामीणों ने किया पथराव: वहीं घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों में ये अफवाह फैल गई कि पुलिस मुठभेड़ में जुनैद की मौत हो गई है, जिसके बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए. हंगामे के बीच आरोपी को उसके परिजन और अन्य लोग मौके से लेकर चले गए.
भारी पुलिस बल तैनात: सूचना मिलते ही तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान के नेतृत्व में तावडू सदर थाना, तावडू सीआईए और तावडू शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी भी ली, जहां से सीसीटीवी डीवीआर समेत कुछ अन्य सामान कब्जे में लिया गया है.
सोहना पुलिस पर भी आरोप: जुनैद की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम के पहुंचते ही उनके घर पर फायरिंग की गई, जिससे उनके पति को गोली लगी और बाद में वो बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. उनका दावा है कि घायल जुनैद को ग्रामीण और उसके साथी अस्पताल लेकर गए.
नूंह पुलिस मामले की जांच में जुटी: वहीं डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि जुनैद आपराधिक प्रवृत्ति का आरोपी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं. उसकी तलाश में सोहना सीआईए टीम गांव पहुंची थी. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम पर हमला किए जाने की सूचना मिली है तथा फायरिंग संबंधी आरोपों सहित पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है. फिलहाल घायल जुनैद अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है.