{"vars":{"id": "123258:4912"}}

नूंह: निजामपुर गांव में खूनी संघर्ष, गोली लगने से एक युवक की मौत

नूंह जिले के आकेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत निजामपुर गांव में विवाद के दौरान गोली लगने से युवक की मौत। पुलिस ने 32 नामजद समेत कई पर दर्ज किया केस।

 

नूंह  : नूंह जिले के थाना आकेड़ा क्षेत्र के गांव निजामपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 32 नामजद आरोपियों सहित 20-25 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गांव निजामपुर निवासी खुर्शीद पुत्र हुसैना की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 21 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे नामजद आरोपी और उनके साथ अन्य लोग एकत्र होकर उनके परिवार पर ईंट-पत्थरों से हमला करने लगे। इसी दौरान आरोपी अब्बास ने कथित तौर पर अवैध हथियार से खुर्शीद के पुत्र साजिद पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मृतक पक्ष के परिजनों का आरोप है कि यह हमला पूर्व नियोजित था। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और कई बार समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। घटना के समय बड़ी संख्या में लोगों ने हमला किया, जिसके दौरान साजिद को गोली लगी।

परिजनों के अनुसार मृतक साजिद (27) पेशे से मिस्त्री था। वह अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों को छोड़ गया है। परिवार ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वही पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। गांव में स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।