{"vars":{"id": "123258:4912"}}

नूंह मुठभेड़: फिरोजपुर झिरका में गौ-तस्कर घायल, पुलिस से हुई फायरिंग

नूंह के फिरोजपुर झिरका में पुलिस और गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़। पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी के पैर में लगी गोली। भारी मात्रा में पशु और अवैध हथियार बरामद।

 

नूंह:नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में पुलिस और एक कथित गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार रावली बांध क्षेत्र में गश्त के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया. इस दौरान आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने का आरोप है, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया.

गश्त के दौरान हुई कार्रवाई: पुलिस के मुताबिक सीएस स्टाफ फिरोजपुर झिरका के प्रभारी उप निरीक्षक महेंद्र के नेतृत्व में टीम क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस का दावा है, "आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा नीयत से फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई."

आरोपी के पैरों में लगी गोली: पुलिस की मानें तो मुठभेड़ में जमशेद पुत्र अब्दुल अली निवासी गांव अगोन, थाना सदर फिरोजपुर झिरका, उम्र लगभग 35 से 38 वर्ष, घायल हो गया. पुलिस का कहना है, "आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है." घायल को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

तीन गाय और देसी कट्टा बरामद: कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन गाय, एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है. बरामद सामान को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

जांच में जुटी पुलिस: मामले में पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि, "बरामद हथियार, पशुओं और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है. आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है."