{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Nuh Police Encounter: नूंह में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में लगी गोली

नूंह के घासेड़ा मोड़ पर पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल, हथियार और गोवंश बरामद।
 

नूंह: पुलिस और गौ तस्करों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ हुई. फिरोजपुर झिरका पुलिस की टीम ने नूंह सदर थाना क्षेत्र के घासेड़ा मोड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गौ तस्करों को पैर में गोली मारी. घायल अवस्था में दोनों को काबू किया गया. घायल तस्करों को नलहड़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है.

नूंह पुलिस और गौ तस्करों में मुठभेड़: फिरोजपुर झिरका पुलिस टीम के सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि बीती रात करीब 3 बजे क्षेत्र में हमारी टीम गश्त कर रही थी. इस दौरान सूचना मिली कि दो सक्रिय गौ तस्कर एक अर्टिगा गाड़ी में गोवंश लेकर जाने वाले हैं, जिन्हें घासेड़ा बाईपास सड़क पर नाकाबंदी कर काबू किया जा सकता है. सूचना के बाद टीम ने मौके पर नाकेबंदी की.

पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल: जैसे ही गौ तस्करों का पुलिस टीम से आमना-सामना हुआ, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की. इस दौरान दोनों तस्करों के पैरों में गोली लग गई और वे घायल हो गए.

घायलों की पहचान हुई: घायलों की पहचान रोबिन पुत्र ईशब उर्फ यूसुफ खान के रूप में हुई जो अलीमेव का रहने वाला है. जिस पर 12 मुकदमे दर्ज हैं और जो वर्ष 2016 में इनामी बदमाश रह चुका है. उसके दोनों पैरों में गोली लगी है. दूसरे घायल की पहचान शमशाद उर्फ पेंदा के रूप में हुई जो हथीन का रहने वाला है. जिस पर 2 मुकदमे दर्ज हैं और वह राजस्थान पुलिस का 3 हजार रुपये का इनामी बदमाश है, उसके एक पैर में गोली लगी है.

दो आरोपी फरार: इस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान वकील उर्फ टर्टल पुत्र इशाक निवासी उठावड़ और जावेद निवासी उठावड़ के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मौके से पुलिस ने तीन गोवंश, एक अर्टिगा गाड़ी, दो देसी कट्टे, तीन खाली खोल और 6 कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.