{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Tauru Truck Accident News: दिल्ली दरबार होटल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला, एक ही परिवार के चार लोगों की गई जान

हरियाणा के नूंह में दर्दनाक सड़क हादसा। ट्रक की टक्कर से पिता और तीन बच्चों की मौत, एक महिला गंभीर रूप से घायल।
 

नूंह: तावडू में दिल्ली दरबार होटल के पास देर रात करीब 11 बजे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है. मरने वालों में पिता और उसके तीन बच्चे शामिल हैं. हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

नूंह सड़क हादसा: मौलाना शाकिर मंगलवार की रात बाइक पर परिवार के पांच सदस्यों (मौलाना, उसके दो बच्चे, उसकी बीवी और साली) के साथ शहर से अपने गांव पाड़ला शाहपुरी जा रहा था. जब उनकी बाइक दिल्ली दरबार होटल के पास पहुंची, तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपति और बच्चे सड़क पर दूर तक घिसटते गए.

चार की मौत, एक घायल: हादसे में मौलाना शाकिर उसके दोनों बच्चों और उसकी साली की मौत हो गई, जबकि मौलाना की पत्नी गंभीर रूप से घायल है. सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के शवगृह में रखवा दिया. वहीं घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

ट्रक चालक मौके से फरार: हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. सिटी थाना नूंह प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि "हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और एक महिला घायल है. परिजनों की शिकायत के अनुसार मामले में कार्रवाई की जाएगी."