{"vars":{"id": "123258:4912"}}

ओल्ड दिल्ली रोड पर दौड़ेगी डबल डेकर मेट्रो, सुभाष चौक और हीरो होंडा चौक बनेंगे इंटरचेंज हब

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट में मिलेनियम सिटी सेंटर और साइबर सिटी समेत 5 इंटरचेंज स्टेशन बनेंगे। GMRL प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने दिए निर्माण में तेजी के निर्देश।

 

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो में पांच इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण होगा। यह इंटरचेंज स्टेशन मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, सेक्टर-पांच और डीएलएफ साइबर सिटी में बनाए जाएंगे। इसके अलावा ओल्ड दिल्ली रोड पर सेक्टर-21 और पालम विहार रोड पर कृष्णा चौक पर डबल डेकर मेट्रो का निर्माण किया जाएगा। इसमें फ्लाईओवर के ऊपर मेट्रो का संचालन होगा।

गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रूट का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दोनों स्टेशन के जुड़ाव का डिजाइन दिल्ली से आने और जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए किया जाए।

जीएमआरएल अधिकारियों ने प्रबंध निदेशक को बताया कि भोंडसी से रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित मेट्रो को ध्यान में रखते हुए सुभाष चौक और सेक्टर-पांच पर इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा। नमो भारत ट्रेन के साथ हीरो होंडा चौक और डीएलएफ साइबर सिटी स्टेशन जुड़ेंगे। ऐसे में यहां इंटरचेंज स्टेशन बनेगा।

कंपनी को कार्य में तेजी लाने को कहा

डॉ. खरे ने निर्माणाधीन कंपनी को आदेश जारी किए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। जीएमआरएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक के बीच सड़क पर मेट्रो निर्माण में आ रही अड़चन को एनएचएआई, एचवीपीएन, डीएचबीवीएन और जीएमडीए अधिकारियों से संपर्क करके दूर किया जाए।

दूसरे चरण में सड़कों की कम चौड़ाई पर चर्चा

मेट्रो के दूसरे चरण के तहत सेक्टर-सात से डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो का निर्माण होना है। इसमें 90 प्रतिशत सड़कों की चौड़ाई 30 मीटर या इससे कम है। डॉ. खरे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि मेट्रो निर्माण शुरू होने से पहले पानी, सीवर, गैस, बिजली की लाइन और बरसाती नालों का स्थानांतरण करवाएं। भूमि से जुड़े मुद्दों को हल करवाएं।

सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर अंडरपास प्रस्तावित

मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर जीएमडीए ने अंडरपास प्रस्तावित किया है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का व्यापार केंद्र रोड की तरफ रिवर्सल ट्रैक बनना है। इसमें बिजली के तीन हाईटेंशन टावर आ रहे हैं। डॉ. खरे ने जीएमआरएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि जीएमडीए और एचवीपीएन के अधिकारियों के साथ मिलकर मेट्रो रूट को तय करें।