{"vars":{"id": "123258:4912"}}

NH-19 Accident Palwal: फेरी लगाने वाले पिता और बेटे की सड़क हादसे में गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
 

पलवल : हरियाणा के पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पलवल के बामनीखेड़ा से मोटरसाइकिल पर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जा रहे पिता-पुत्र को एक तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और जानकारी एकत्रित की। हालांकि, पुलिस के पहुँचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नागरिक अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।

हादसे में जान गंवाने वाले करीब 58 वर्षीय सियाराम (पुत्र रामदीन) मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले थे और पिछले करीब 15 वर्षों से बामनीखेड़ा में अपने बड़े बेटे गुलशन के साथ रह रहे थे। सियाराम फेरी लगाकर कपड़े बेचते थे, जबकि उनका बेटा गुलशन मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था।

इस हादसे में घर के दोनों कमाने वाले सदस्यों की मौत हो जाने से सियाराम की पत्नी, गुलशन की पत्नी और उसके दो छोटे बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। मृतक के दूसरे बेटे अंकुश ने सरकार से पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद और बच्चों के भविष्य के लिए सहायता की गुहार लगाई है।

मामਲੇ की जांच कर रहे एएसआई विजेंद्र कुमार ने बताया कि डंपर के नंबरों को वेरिफाई किया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान कर उसके चालकतक पहुँचने का प्रयास कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।