सेक्टर-21 चौकी के SI देशराज 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पंचकूला में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-21 चौकी के सब-इंस्पेक्टर देशराज को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पंचकूला: हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने गुरुवार को पंचकूला सेक्टर-21 स्थित पुलिस चौकी में तैनात सब-इंस्पेक्टर देशराज को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ा. एसीबी ने आरोपी एसआई देशराज को रिश्वत के पांच हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद एसीबी टीम आरोपी पुलिसकर्मी को पूछताछ के लिए साथ ले गई.
कार छोड़ने के लिए मांगी रिश्वत: शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उनकी कार को एक मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-21, पंचकूला में रोक कर रखा गया था. दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता होने के बावजूद एसआई देशराज कार छोड़ने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था.
शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत: शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क किया और लिखित शिकायत के साथ रिश्वत मांगने संबंधी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई. ब्यूरो द्वारा शिकायत एवं ऑडियो रिकॉर्डिंग का सत्यापन किया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इस पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत अपराध बनता पाया गया.
योजनाबद्ध तरीके से लगाया ट्रैप: एंटी करप्शन ब्यूरो ने उक्त पुलिस चौकी में योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया. फिर आरोपी सब-इंस्पेक्टर देशराज को शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल जांच टीम आरोपी से पूछताछ में जुटी है.