{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पंचकूला: क्लब डांसर हत्याकांड का खुलासा, सूरत से गिरफ्तार हुआ हत्यारोपी

पंचकूला में कंकाल मिलने के मामले की गुत्थी सुलझी। 7 महीने बाद हत्यारोपी मनोज कुमार पाल सूरत से गिरफ्तार। कलाई पर लिखे टैटू और पर्ची से हुई थी पहचान।

 

पंचकूला: सेक्टर 20 स्थित श्मशान घाट के पीछे दिसंबर 2025 को मिले एक महिला के कंकाल मामले की गुत्थी को पंचकूला पुलिस ने सुलझा लिया है. सात महीने की गहन जांच के बाद पुलिस ने महिला की हत्या कर फरार हुए आरोपी मनोज कुमार पाल को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस को कंकाल की पहचान उसके पास पड़े कपड़ों से मिली एक पर्ची से हुई कि वह कंकाल एक क्लब डांसर महिला का था.

शव सुनसान झाड़ियों में फेंक कर फरार: पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने क्लब डांसर की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के मकसद से शव को सुनसान झाड़ियों में फेंक दिया था. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पंचकूला लाने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड लिया गया. पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के संबंध में गहन पूछताछ करेगी.

कलाई पर लिखा मिला इंद्र आई लव यू: सेक्टर 20 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका ने बताया कि "22-23 दिसंबर 2025 की रात डायल-112 से सेक्टर-20 स्थित श्मशान घाट के पीछे एक महिला का कंकाल पड़ा होने की सूचना मिली थी. इस पर सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए शव को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. फिर 26 दिसंबर को डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मृतका के कपड़ों से एक पर्ची बरामद हुई. मृतका की कलाई पर अंग्रेजी में इंद्र आई लव यू लिखा मिला. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने दोबारा पहचान की प्रक्रिया शुरू की."

वेबसाइट के पते से विक्की तक पहुंची पुलिस: पुलिस जांच के दौरान बरामद पर्ची पर दर्ज वेबसाइट के माध्यम से पुलिस विक्की शर्मा तक पहुंची. इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को विक्की शर्मा और मृतका के लिव-इन पार्टनर इन्द्र ने मोर्चरी पहुंचकर कपड़ों, लाल रंग की जैकेट और कलाई पर लिखे शब्दों के आधार पर मृतका की पहचान माधुरी उर्फ सिमरन उर्फ टिड्डी के रूप में की. पहचान के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया.

पार्टियों में काम कर चलते थे आजीविका: 15 जनवरी 2026 को विक्की शर्मा ने थाना सेक्टर-20 में शिकायत देकर बताया कि वह जीरकपुर में डीजे का काम करता है और मृतका व उसका साथी इन्द्र पिछले कई महीनों से उसके संपर्क में थे. दोनों क्लब पार्टियों में काम कर अपनी आजीविका चलाते थे. शिकायतकर्ता ने बताया कि 13 नवंबर 2025 की रात सिमरन क्लब पार्टी के लिए निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी. काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला. बाद में कंकाल मिलने की सूचना पर जाकर उसकी पहचान की गई.

पेटीएम पेमेंट से मिला हत्यारोपी का सुराग: शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटना की रात उसके मोबाइल पर मनोज कुमार पाल नाम के व्यक्ति द्वारा पेटीएम के माध्यम से 450 रुपये भेजे गए थे. जब उसने उस व्यक्ति से संपर्क किया तो उसने सिमरन को पटियाला चौक, जीरकपुर छोड़ने की बात कही. इसी आधार पर शिकायतकर्ता ने मनोज कुमार पाल पर हत्या का संदेह जताया.

गुजरात के सूरत से किया गिरफ्तार: डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि "शिकायत पर थाना सेक्टर-20 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) व 238(c) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी. लगातार प्रयासों के बाद 2 जुलाई 2026 को सेक्टर 20 थाना टीम जिसमें थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर ढाका, जांच अधिकारी पीएसआई विकास व टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी मनोज कुमार पाल, निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया. हत्यारोपी वर्तमान में गुजरात के सूरत स्थित गणेश नगर क्षेत्र में मोटर मैकेनिक का काम कर रहा था. गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से एक विवो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया. आरोपी को सूरत की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया, जिसे तीन जुलाई की रात पंचकूला लाया गया."

मुंह और गला दबाकर की हत्या: डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि "पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई खुलासे किए हैं. शुरूआती पूछताछ में उसने बताया कि वारदात के दौरान उसने सिमरन का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या की थी और शव को पहचान छिपाने की नीयत से शव को सेक्टर-20 श्मशान घाट के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया था. आरोपी ने यह भी बताया कि वारदात में एक मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था, जो उसके रिश्तेदार के नाम पर रजिस्टर्ड है. अब आरोपी की निशानदेही पर मोटरसाइकिल बरामद करने व घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और हत्या में किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता थी या नहीं, यह पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं."