{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Panchkula Monsoon News: पंचकूला में भारी तबाही, बरसाती नाले में बहने से युवक लापता, खटौली व नाडा साहिब के पुल बहे

पंचकूला में मूसलाधार बारिश से घग्गर नदी उफान पर है। राजीव कॉलोनी नाले में बहने से एक युवक लापता है, जबकि खटौली और नाडा साहिब के पुल बह गए हैं।
 

पंचकूला: जिला पंचकूला में मंगलवार दोपहर से शुरू हुई तेज बारिश के चलते लोगों के जान-माल पर संकट खड़ा हो गया. पंचकूला में हो रही लगातार बारिश के चलते घग्गर नदी पूरे उफान पर है. इससे जगह-जगह जल-भराव की स्थिति बन गई. वहीं, पानी के तेज बहाव में पंचकूला सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी से होकर निकलने वाले बरसाती नाले में दो व्यक्ति बह गए. इनमें से एक व्यक्ति कड़ी मशक्कत से किसी तरह खुद को बचाते हुए नाले से बाहर निकलने में कामयाब रहा. लेकिन दूसरा व्यक्ति चंद सेकेंड में ही बह गया. लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पंचकूला पुलिस-प्रशासन को दी. पुलिस और एनडीआरएफ के कर्मचारी भी मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं. लेकिन व्यक्ति की तलाश पूरी नहीं हो सकी है.

बरसाती नाले में बहे दो युवक: बरसाती नाले के पानी बहने वाले व्यक्ति की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी राजेश के रूप में हुई है. राजेश के साथ मौजूद रणधीर ने पुलिस को बताया कि वे दोनों राजीव कॉलोनी के बरसाती नाले के पास खड़े थे. उसी दौरान राजेश का पांव फिसल गया, जिससे वह नाले में जा गिरा. रणधीर ने बताया कि राजेश को बचाने के लिए वह भी पानी में उतरा लेकिन कामयाब नहीं हो सका. समय रहते वो नाले से बाहर निकल आया, लेकिन राजेश तेज बहाव में बह गया. पुलिस और अन्य विभागीय कर्मचारी राजेश की तलाश में जुटे हैं. इसके लिए राहत कार्य में जुटे सभी कर्मचारी नाले के उन सभी प्वाइंट्स पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं, जहां रुकावट के चलते पानी का बहाव कुछ कम होता है.

मिट्टी-रेत की बोरियां लगाकर रोक रहे बहाव: कॉलोनी और आसपास के लोग बारिश से नाले में आए तेज बहाव को रेत और पत्थरों की बोरियां लगाकर कम करने के प्रयास में भी जुटे रहे, लेकिन घग्गर नदी के उफान पर होने के चलते पानी का बहाव लगातार तेज बना हुआ है. इससे राजीव कॉलोनी वासियों और आसपास के अन्य लोगों के लिए खतरा बना हुआ है. नतीजतन पुलिस-प्रशासन द्वारा लोगों से नदी-नालों और पुलों के आसपास न जाने की अपील की जा रही है.

खटौली गांव में नदी पर बना पुल बहा: वहीं, पंचकूला के बरवाला क्षेत्र में गांव खटौली से होकर बहने वाली नदी पर बने पुल का हिस्सा भी भारी बारिश और नदी के बढ़े जल स्तर के तेज बहाव में बह गया. पुल का एक हिस्सा धंसने के कारण बड़ा गढ्ढा बन गया है, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के हादसे का शिकार होने की संभावना बढ़ गई है. नतीजतन, पंचकूला पुलिस-प्रशासन ने एहतियातन पुल को दोनों ओर से बंद कर दिया है, ताकि यातायात को रोक कर किसी अप्रिय घटना/हादसे को रोका जा सके. क्योंकि इस रास्ते से रात के समय भी कई वाहन चालक आवाजाही करते हैं. इसके अलावा पंचकूला स्थित गुरुद्वारा नाडा साहिब के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का एक पुल भी बह गया. नतीजतन पंचकूला प्रशासन समूचे जिले की स्थिति की सूचना रिपोर्ट हासिल कर रहा है.

मेयर ने अधिकारियों से ली जानकारी: पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल ने भी तेज बारिश से हुए जलभराव और सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी के बरसाती नाले में हुए हादसे की जानकारी हासिल की. उन्होंने अधिकारियों को बिना समय गंवाए लोगों की राहत के लिए आवश्यक बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने निगम अधिकारियों से समूचे जिले की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी है.