{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Panchkula News Encroachment Drive: अवैध कब्जे पर पंचकूला प्रशासन का कड़ा रुख, मार्केट एसोसिएशनों को जारी किए निर्देश

पंचकूला की मार्केटों के सार्वजनिक कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सेक्टर 2, 6 और 21 का औचक निरीक्षण कर कड़े निर्देश दिए।

 

पंचकूला: जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सेक्टरों की मार्केटों में दुकानों के सामने अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाने के बाद अब दुकानों के कॉरिडोर को भी अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए सख्त रूख अपना लिया है. प्रशासन द्वारा इससे पहले भी मार्केट एसोसिएशनों को दुकानों के सामने बने सार्वजनिक कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त रखने और दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए थे. नतीजतन जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा ने शनिवार को सेक्टर-2, सेक्टर-21 और सेक्टर-6 की मार्केटों का औचक निरीक्षण किया.

भारी अतिक्रमण से रास्ता ब्लॉक: उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई दुकानदारों ने अभी भी दुकानों के सामने बने कॉरिडोर में सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ है. स्थिति ऐसी थी कि कई स्थानों पर ग्राहकों एवं आमजन के आने-जाने के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं थी. इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की मार्केटों में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सार्वजनिक कॉरिडोर लोगों के सुगम आवागमन के लिए हैं. जबकि यहां दुकानदारों द्वारा सामान रखने या किसी अन्य तरीके से कब्जा करने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस कारण प्रशासन द्वारा ऐसे अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मार्केट एसोसिएशन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं: जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि दुकानों के कॉरिडोर में खाद्य पदार्थ या अन्य सामान रखकर सार्वजनिक स्थान को बाधित किया पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मार्केट एसोसिएशनों की जिम्मेदारी है कि वे अपने स्तर पर भी दुकानदारों को सार्वजनिक कॉरिडोर खाली रखने के लिए जागरूक करें और प्रशासन के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करवाएं.

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य किसी दुकानदार को अनावश्यक रूप से परेशान करना नहीं, बल्कि बाजारों में सुगम आवागमन, बेहतर व्यवस्था और स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है. प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी विभिन्न मार्केटों का निरीक्षण जारी रखा जाएगा और निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.