Fake Govt Sticker Challan Panchkula: पंचकूला में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 16 हजार का चालान काटकर गाड़ी सीज
पंचकूला: सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और फर्जी पहचान पत्र व स्टीकर का सहारा लेकर नियमों की अवहेलना करने वालों पर पंचकूला पुलिस ने शिकंजा कसा है. दरअसल, पंचकूला पुलिस ने फर्जी सरकारी स्टीकर लगी एक संदिग्ध गाड़ी को जब्त कर कड़ी कानूनी व ट्रैफिक कार्रवाई की है. डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह गुरुवार को अपने सरकारी वाहन से सेक्टर-24 स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास से जा रहे थे. उसी दौरान उन्होंने एक गाड़ी को देखा, जिस पर अंग्रेजी में गवर्नमेंट ऑफ इंडिया (भारत सरकार) लिखा था. साथ ही आयकर विभाग का स्टीकर भी लगा हुआ था.
जांच में पकड़ा गया फर्जीवाड़ा: डीसीपी ने गाड़ी को रुकवाकर संदेह के आधार पर चालक से पूछताछ की. इस दौरान जांच के दौरान गाड़ी पर लगे स्टीकर पूरी तरह से फर्जी पाए गए. इसके अलावा जब वाहन संबंधी अन्य दस्तावेजों की जांच की तो उसमें अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी और यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए गए. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक ने तुरंत सिटी ट्रैफिक एसएचओ को मौके पर बुलाया. इसे बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी का 16 हजार रुपये का चालान काटा. साथ ही वाहन को भी जब्त कर लिया.
पुलिस चौकी में खड़ी करवाई गाड़ी: पुलिस टीम ने आरोपी के वाहन का चालान करने और उसे जब्त करने के बाद गाड़ी को पंचकूला के सेक्टर-25 पुलिस चौकी में खड़ा करवा दिया. इसके साथ ही आरोपी वाहन चालक से भी गाड़ी पर फर्जी स्टीकर लगाकर घूमने के संबंध में कई सवाल पूछे. पूछताछ में यह भी पता लगाया कि आरोपी चालक के गाड़ी पर फर्जी स्टीकर लगाकर घूमने के पीछे कोई विशेष मकसद तो नहीं था.
लंबे समय से अभियान जारी: ट्रैफिक पुलिस बीते लंबे समय से पंचकूला में यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में जुटी है. आरोपी वाहन चालकों के भारी-भरकम चालान भी किए जा रहे हैं. यह कार्रवाई केवल किन्हीं विशेष वाहनों पर ही नहीं, बल्कि दोपहिया वाहनों से लेकर ऑटो, कार और सभी ट्रांसपोर्ट वाहनों समेत स्कूल बसों के खिलाफ भी की जा रही है. पुलिस हजारों रुपये से लेकर लाखों रुपये तक के चालान करने में जुटी है. पुलिस का यह अभियान लंबे समय से जारी है.
पुलिस कमिश्नर की दो टूक: पंचकूला के पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि, "वाहनों पर फर्जी सरकारी पदों, विभागों या भारत सरकार के अनधिकृत स्टीकर लगाकर घूमना न केवल यातायात नियमों की उल्लंघन है, बल्कि ऐसा करना सुरक्षा के लिहाज से भी चुनौती पैदा कर सकता है. पंचकूला पुलिस शहर में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए प्रतिबद्ध है. मेरी नागरिकों से अपील है कि वे अपने वाहनों पर फर्जी स्टीकर या अवैध प्लेट्स न लगाएं और सभी वैध दस्तावेज साथ लेकर चलें. यदि कोई व्यक्ति नियमों की अवहेलना करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर वाहन जब्त किए जाएंगे."