{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पंचकूला: स्कूल वाहनों पर पुलिस की सख्ती, चालान और बसें जब्त

पंचकूला में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। नियमों की अनदेखी करने पर स्कूल बसों और ऑटो के चालान किए गए और वाहन जब्त हुए।

 

पंचकूला: स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी को धरातल पर सख्ती से लागू करने के मकसद से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस ने शुक्रवार को विशेष ट्रैफिक अभियान की शुरुआत की. इसके पहले ही दिन डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह स्वयं सड़कों पर उतरकर विभिन्न स्थानों पर स्कूल बसों और स्कूली बच्चों को ले जाने वाले ऑटो वाहनों का औचक निरीक्षण करते दिखे.

स्कूल बसों की जांच कर चालान और जब्त: निरीक्षण के दौरान 120 स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई. पुलिस टीम ने बसों में लगे फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर की कार्यक्षमता, फिटनेस सर्टिफिकेट, चालक एवं परिचालक की वर्दी, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की. विशेष रूप से बसों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई, जिनमें कई बसों के कैमरे स्कूल के कंट्रोल सिस्टम से जुड़े नहीं पाए गए. सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने पर मौके पर ही 12 स्कूल बसों के चालान किए गए और एक बस को जब्त किया गया.

डीसीपी ने स्कूली छात्रों को जागरूक किया: निरीक्षण के दौरान डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बसों में सफर कर रहे विद्यार्थियों से बातचीत की. इस दौरान छात्रों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा व सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बच्चों से अपील कर कहा कि, "यदि वाहन में कोई सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई दे तो इसकी जानकारी अपने अभिभावकों एवं स्कूल प्रबंधन को अवश्य दें."

ऑटो में क्षमता से अधिक भरे बच्चे: डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक ने स्कूली बच्चों को लेकर चल रहे ऑटो का भी निरीक्षण किया. जांच के दौरान कुछ ऑटो निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलते मिले. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दो ऑटो को मौके पर ही जब्त किया गया. इन ऑटो में मौजूद बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डीसीपी ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने स्वयं उन्हें अपने एस्कॉर्ट वाहन से सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई.

जिलेभर के स्कूल वाहनों की होगी जांच:डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक ने बताया कि, "यह विशेष अभियान का पहला दिन है और आगामी दिनों में भी जिलेभर के स्कूल वाहनों की लगातार जांच की जाएगी. सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा और बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी."

स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से सहयोग की अपील: पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की. साथ ही कहा कि, "अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे जिस वाहन से स्कूल आते-जाते हैं, वह सभी सुरक्षा मानकों का पालन करता हो. स्कूल संचालक भी नियमित रूप से अपने वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों और चालक-परिचालकों की पात्रता की जांच करते रहें, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में स्कूल आ-जा सके."