{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पानीपत के संदीप ओमकार का बॉलीवुड डेब्यू: फिल्म 'नवगुंजरा' में बनेंगे विलेन

पानीपत के संदीप ओमकार जागरण के मंच से निकलकर अब बॉलीवुड फिल्म 'नवगुंजरा' में नजर आएंगे। 15 मई को रिलीज होगी अमित दीक्षित निर्देशित यह सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म।

 

पुानीपत: प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, बस उसे सही दिशा और जुनून की जरूरत होती है। पानीपत के बापोली ब्लॉक स्थित खोजसीपुर गांव के रहने वाले संदीप ओमकार ने इस बात को सच कर दिखाया है। कभी स्कूल के नाटकों और माता के जागरण में भजन गाने वाले संदीप अब बॉलीवुड की फिल्म 'नवगुंजरा' में एक अहम भूमिका में नजर आएंगे। अमित दीक्षित के निर्देशन में बनी यह फिल्म आगामी 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

जागरण से शुरू हुआ अभिनय का सफर
संदीप ओमकार (38) के अनुसार, अभिनय की नींव उनके बचपन में ही पड़ गई थी। वे स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों (जागरण) में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। हालांकि, उनके पिता ओमकार रावल चाहते थे कि बेटा पढ़ाई कर अच्छी नौकरी करे। पिता की इच्छा का मान रखते हुए संदीप ने 2009 में सोनीपत से इलेक्ट्रिकल ट्रेड की पढ़ाई पूरी की और उत्तराखंड के रुद्रपुर में काम करने चले गए।

रुद्रपुर में मिली किस्मत की चाबी
रुद्रपुर में काम के दौरान संदीप की मुलाकात फिल्म निर्देशक अमित दीक्षित से हुई। अमित उस समय अपनी वेबसीरीज 'लवकथा' की तैयारी कर रहे थे। संदीप को इसमें 'पन्नू' का किरदार मिला, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद संदीप ने विज्ञापन फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में काम कर अपनी पहचान बनाना शुरू किया।
साल 2021 में संदीप ने अपनी मंजिल की ओर बड़ा कदम बढ़ाया और माया नगरी मुंबई पहुंच गए। वहां उन्होंने 'अनुभव दीक्षित थिएटर ग्रुप' के साथ जुड़कर बारीकियां सीखीं। उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स मिलने लगे।

सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 'नवगुंजरा' में मुख्य भूमिका
अपनी आने वाली फिल्म 'नवगुंजरा' के बारे में संदीप बताते हैं कि यह एक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें सस्पेंस का तड़का है। इस फिल्म में वे एक सीरियल किलर जैसी चुनौतीपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में फिल्म का पोस्टर जारी हुआ है, जिसे लेकर सोशल मीडिया और उनके पैतृक गांव में भारी उत्साह देखा जा रहा है।