{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पानीपत: पिस्तौल के बल पर 15 वर्षीय किशोरी का घर से अपहरण, मचा हड़कंप

पानीपत के चांदनीबाग क्षेत्र में पिस्तौल दिखाकर 15 वर्षीय किशोरी का अपहरण। विरोध करने पर मां को दी धमकी। सीसीटीवी में कैद वारदात, पुलिस जांच में जुटी।

 

पानीपत : पानीपत के चांदनीबाग थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 15 वर्षीय किशोरी का कथित तौर पर पिस्तौल के बल पर घर से अपहरण कर लिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी की मां को जान से मारने की धमकी दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे किशोरी अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक घर पहुंचे और कथित रूप से किशोरी को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। जब किशोरी की मां ने विरोध किया और बेटी का हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें धमकाया और धक्का देकर अलग कर दिया। इसके बाद आरोपी किशोरी को बाइक पर बैठाकर मौके से फरार हो गए।

इधर घटना के बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों का कहना है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले भी अपहरण का मामला दर्ज हो चुका है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखाई दिया कि रास्ते में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को भी बाइक पर बैठाया था। तीनों आरोपियों के चेहरे कपड़े से ढके हुए थे।

पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर नामजद आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और किशोरी की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।