{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा के इतिहास में सबसे महंगी बिकी चीनी! पानीपत शुगर मिल को हुआ ₹7.09 करोड़ का राजस्व

पानीपत शुगर मिल ने ₹4725 प्रति क्विंटल के रिकॉर्ड भाव पर 15,000 क्विंटल चीनी बेचकर नया इतिहास रचा है। NeML पोर्टल पर हुई ई-बिडिंग से मिल को ₹7.09 करोड़ का राजस्व मिला।

 

पानीपत: शुगर मिल ने चीनी बिक्री के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। शनिवार को 4725 रुपये प्रति क्विंटल के रिकार्ड भाव पर 15 हजार क्विंटल चीनी बेच दी। यह बिक्री राष्ट्रीय ई-मार्केट लिमिटेड (एनईएमएल) पोर्टल पर लाइव बिडिंग के माध्यम से की। इस सौदे से मिल को करीब 7.09 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। मिल प्रबंधन के अनुसार हरियाणा की 11 सरकारी चीनी मिलों के इतिहास में यह चीनी का अब तक का सबसे अधिक बिक्री मूल्य है।

पोर्टल पर हुई लाइव बिडिंगः शुगर मिल एमडी एवं एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने बताया कि एनईएमएल पोर्टल पर चीनी की बोली शनिवार को शुरू हुई। शुरुआती बोली 4600 रुपये प्रति क्विंटल से आरंभ हुई और खरीदारों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते यह 4695 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई।

शीरा बिक्री में भी कीर्तिमान किया था स्थापित
एमडी नवदीप सिंह नैन ने बताया कि 24 जुलाई को भी पानीपत शुगर मिल ने 1700 रुपये प्रति क्विंटल के रिकार्ड भाव पर 18,522 क्विंटल शीरा (मोलासिस) बेचकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। इन रिकार्ड बिक्री सौदों से मिल की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा गन्ना किसानों के हितों को भी लाभ मिलेगा।