भिवानी: पुर्तगाली युवती ने हरियाणा के युवक से रचाई हिंदू रीति से शादी
जर्मनी में पढ़ाई के दौरान शुरू हुई लव स्टोरी पहुंची भिवानी। पुर्तगाल की कैरोलिना ने भिवानी के प्रवीन के साथ लिए सात फेरे। हरियाणवी संस्कृति और समोसे बने आकर्षण।
भिवानी। जर्मनी में मनोचिकित्सा की पढ़ाई कर रही पुर्तगाल की 22 वर्षीय कैरोलिना का हरियाणवी युवक पर ऐसा दिल आया कि वह उससे शादी करने भारत पहुंच गई। कैरोलिना बुधवार को भिवानी के सेक्टर-13 निवासी प्रवीन शर्मा (25) के साथ हिंदू रीति-रिवाज से परिणय सूत्र में बंध गईं। परिवार के लोग इस शादी से बेहद खुश हैं और शहर में भी यह चर्चा का विषय बनी हुई है।
कैरोलिना अभी थोड़ी-बहुत हिंदी बोल और समझ पाती हैं, लेकिन उन्होंने शादी की सभी रस्मों में बेहद रुचि दिखाई। सेक्टर-13 निवासी सुभाष शर्मा ने बताया कि वे मूल रूप से धनाना प्रथम के काकसरी गोत्र से ताल्लुक रखते हैं। वे चार भाई हैं और भारतीय सेना में रहे हैं। उनके भाई जयभगवान शर्मा के बेटे प्रवीन ने सिंगापुर से होटल मैनेजमेंट का कोर्स करने के बाद जर्मनी का टूरिस्ट वीजा लिया और वहां एक रेस्तरां में काम करने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात कैरोलिना से हुई। कैरोलिना वहां मनोचिकित्सा की पढ़ाई कर रही हैं। प्रवीन के साथ उनकी नजदीकियां बढ़ीं तो बात शादी तक पहुंच गई। प्रवीन के साथ विवाह के लिए कैरोलिना पुर्तगाल से करीब 18 घंटे का सफर कर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचीं और 10 जून को भिवानी आईं। इसके बाद 17 जून को सेक्टर-13 स्थित प्रवीन के आवास पर ही दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया।
कैरोलिना ने निभाईं शादी की रस्में
कैरोलिना ने बान बैठना, मंडप में लहंगा-चुन्नी पहनकर अग्नि के समक्ष सात फेरे लेना, फेरों के बाद पूजा के लिए मंदिर जाना तथा शोटकी और कंगना-जुआ खेलना जैसी रस्में निभाईं।
गजिया हलवाई के समोसे खाकर कैरोलिना बोलीं, वॉव... वंडरफुल
कैरोलिना को यहां का खानपान भी बेहद पसंद आया। भिवानी के मशहूर गजिया हलवाई के समोसे खाकर उनके मुंह से वॉव... वंडरफुल निकल गया। कैरोलिना ने बताया कि उनके यहां समोसे नॉनवेज होते हैं, लेकिन यहां शाकाहारी हैं और स्वाद भी लाजवाब है। कैरोलिना को हरियाणवी संस्कृति और संस्कारों के अनुसार बड़ों के सामने सिर पर पल्लू करना, दुपट्टा रखना और शादी में लहंगा-चुन्नी पहनना बहुत पसंद आया।
तीन भाई-बहनों में मझले हैं प्रवीन
सेक्टर-13 में पिछले करीब 20 वर्षों से परिवार के साथ रह रहे प्रवीन तीन भाई-बहनों में मझले हैं। बड़ी बहन ज्योति शादीशुदा हैं और छोटा भाई अभिषेक पढ़ाई कर रहा है। पिता जयभगवान शर्मा सेना से सेवानिवृत्त हैं और मां राजबाला देवी गृहिणी हैं।
प्रवीन और कैरोलिना नहीं छोड़ेंगे अपने देश की नागरिकता
शादी के बाद भी प्रवीन और कैरोलिना अपने-अपने देश की नागरिकता नहीं छोड़ेंगे। कैरोलिना भिवानी आती-जाती रहेंगी। प्रवीन ने बताया कि 29 जून को दोनों की वापसी है, जिसकी तैयारी की जा रही है।